जशपुर में करमा त्योहार को लेकर गरमाया माहौल, ईसाई मिशनरियों पर लगाए गंभीर आरोप; कलेक्टर से आयोजन पर रोक लगाने हिन्दू उरांव समाज ने की मांग, सौंपा ज्ञापन।

02/10/2026

जशपुर - हिंदू समाज द्वारा करमा त्यौहार को लेकर जशपुर जिले में एक आवेदन के जरिए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की गई है। कलेक्टर जशपुर को सौंपे गए आवेदन में जिले के शहरों और गांवों में स्थित चर्च अथवा अन्य स्थानों पर बिना विधि-विधान के करमा उत्सव, महोत्सव या प्रतियोगिता आयोजित किए जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है।

आवेदन में दावा किया गया है कि करमा पर्व उरांव जनजाति सहित क्षेत्र के हिंदू समाज की आस्था, परंपरा और धार्मिक संस्कृति से जुड़ा पर्व है। आवेदनकर्ताओं के अनुसार करमा पर्व के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना, उपवास, करम पेड़ की डाल की पूजा तथा पारंपरिक गीत-संगीत के साथ रात्रि जागरण किया जाता है। इसके बाद करम डाली का विधि-विधान से विसर्जन किया जाता है।

मिशनरियों पर परंपरा को प्रभावित करने का आरोप

कलेक्टर को दिए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि धर्मांतरित ईसाई मिशनरियों द्वारा करमा पर्व का आयोजन चर्च अथवा अन्य स्थानों पर बिना पारंपरिक विधि-विधान के किया जाता है। आवेदनकर्ताओं ने इसे केवल दिखावे के लिए आयोजित किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से ऐसे आयोजनों पर रोक लगाने की मांग की है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि करमा पर्व उरांव जनजाति की धार्मिक आस्था और संस्कृति का हिस्सा है तथा इसे केवल मनोरंजन या प्रतियोगिता का स्वरूप नहीं दिया जाना चाहिए।

2018 में शांतिभवन चर्च में कर्मा प्रतियोगिता का उल्लेख

आवेदन में जशपुर स्थित शांति भवन चर्च में वर्ष 2018 में करमा प्रतियोगिता आयोजित होने का उल्लेख किया गया है। साथ ही दावा किया गया है कि उस मामले में अनुविभागीय अधिकारी के समक्ष प्रकरण भी चला था। आवेदनकर्ताओं के अनुसार आयोजकों द्वारा भविष्य में किसी भी प्रकार के उत्सव, महोत्सव या प्रतियोगिता का आयोजन नहीं करने की बात कही गई थी।
इसी आधार पर आवेदन में मांग की गई है कि जिले के किसी भी चर्च या अन्य स्थान पर करमा पर्व के नाम पर उत्सव, महोत्सव अथवा प्रतियोगिता आयोजित किए जाने पर प्रशासन द्वारा पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया जाए।

25 लोगों के हस्ताक्षर के साथ कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन 

यह आवेदन कलेक्टर जशपुर के नाम सौंपा गया है। आवेदन में गंगा राम भगत, अरविंद कुमार भगत, मनीजर राम, गोविंद राम भगत, सरदा प्रधान, कृपाशंकर भगत, लालदेव राम भगत, सियाराम भगत, सिकंदराम भगत, सस्तर राम भगत, अभय बैरागी एवं अन्य सहित कुल 25 लोगों के नाम एवं हस्ताक्षर दर्ज हैं।

आवेदनकर्ताओं ने कलेक्टर से मामले में आदेश जारी कर जिले में चर्च अथवा अन्य स्थानों पर करमा पर्व के आयोजन पर रोक लगाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post