जशपुर/बगीचा :- जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में अंधविश्वास और जादू-टोने के शक ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। ग्राम जामपानी सरबकोंबो निवासी 68 वर्षीय जोयो राम की मौत को पहले सड़क हादसा समझा जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में मामला सोची-समझी हत्या का निकला। पुलिस के अनुसार आरोपी पक्ष ने बुजुर्ग की पत्नी पर जादू-टोना करने का शक जताते हुए उसकी हत्या की योजना बनाई और बोलेरो से कुचलकर घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया।
पहले से चल रही थी रंजिश, हत्या की बनाई योजना
पुलिस के मुताबिक मृतक जोयो राम की पत्नी पर गांव के कुछ लोगों द्वारा टोनही होने और जादू-टोना करने का आरोप लगाया जाता था। इसी बात को लेकर पिछले 2-3 वर्षों से परिवार के बीच रंजिश चली आ रही थी। जांच में एक बैगा द्वारा भी मृतक की पत्नी पर जादू-टोना करने का आरोप लगाए जाने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार इसी अंधविश्वास के चलते आरोपी दीपक यादव, उसके पिता और चाचा ने कथित तौर पर जोयो राम की हत्या की योजना बनाई। उन्हें जानकारी थी कि जोयो राम अपने मक्का खेत की ओर जाते हैं। इसी का फायदा उठाकर हत्या को सड़क हादसे का रूप देने की साजिश रची गई।
बोलेरो से जानबूझकर मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार 29 सितंबर 2026 की शाम करीब 4 बजे आरोपी दीपक यादव अपने चाचा की बोलेरो क्रमांक CG 14 MC 5946 लेकर डाहीडांड़ की ओर गया। वहां जोयो राम मुख्य सड़क से कुछ दूरी पर अपने मक्का खेत के सामने खड़े थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने वाहन को आगे ले जाकर वापस मोड़ा और तेज रफ्तार से जोयो राम को कथित तौर पर जानबूझकर टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी बोलेरो लेकर बगीचा की ओर फरार हो गया, ताकि घटना सामान्य सड़क दुर्घटना प्रतीत हो।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से गहराया शक
29 सितंबर को जोयो राम की मौत की सूचना मिलने पर बगीचा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पंचनामा के दौरान मृतक के सिर, माथे और बाएं पैर में चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में सिर में लगी चोट और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया। परिजनों और गवाहों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को घटना में वाहन से जानबूझकर टक्कर मारने का संदेह हुआ। इसके बाद जांच आगे बढ़ाई गई।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो जब्त
पुलिस ने जांच के दौरान 21 वर्षीय दीपक यादव, निवासी जामपानी सरबकोंबो को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ और मेमोरेंडम के आधार पर घटना में इस्तेमाल बोलेरो वाहन CG 14 MC 5946 को भी जब्त कर लिया गया है। मामले में आरोपी दीपक यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पिता, चाचा समेत तीन आरोपी फरार
पुलिस के मुताबिक मामले में आरोपी के पिता, चाचा सहित अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने फरार आरोपियों को चिन्हित कर लिया है और उनकी लगातार पतासाजी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मामले में थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 259/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 61(2) तथा छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4, 5, 6 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे, नरेश मिंज तथा प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस दौरान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना दिखने वाला मामला जांच में अंधविश्वास और जादू-टोने के संदेह से जुड़ी हत्या के रूप में सामने आया है। जिले में अंधविश्वास के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लोगों को ओझा-बैगा के बहकावे में न आने की अपील की है।