अब जशपुर के युवाओं को मिलेगी हाईटेक लाइब्रेरी की सौगात, 11.29 करोड़ से बन रहा 500 सीटर नालंदा परिसर

जशपुर में 500 युवाओं की पढ़ाई की नई पहचान! 11.29 करोड़ से तैयार हो रहा आधुनिक नालंदा परिसर, अप्रैल 2027 तक पूरा होगा निर्माण

कुनकुरी को भी मिलेगी आधुनिक लाइब्रेरी की सौगात, 4.37 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा नालंदा परिसर

जशपुर। जिले के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अब पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधाओं की तलाश में दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। जशपुर जिला मुख्यालय में 11 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से 500 सीटर आधुनिक नालंदा परिसर का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। यहां एक साथ 500 विद्यार्थी बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे। खास बात यह है कि इस परिसर में पारंपरिक लाइब्रेरी के साथ ई-पुस्तकालय, हाईस्पीड वाई-फाई, कैफेटेरिया और गार्डन जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप जिले में शिक्षा संबंधी अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है। शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय के सामने लगभग एक एकड़ जमीन पर नालंदा परिसर का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य का करीब 50 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है और नगरपालिका ने अप्रैल 2027 तक इसे पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है।

पांच बड़े अध्ययन कक्षों में एक साथ 500 विद्यार्थी करेंगे पढ़ाई

नालंदा परिसर में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए पांच बड़े अध्ययन कक्ष बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक हॉल में टेबल-कुर्सी, पर्याप्त रोशनी, पंखे और अध्ययन के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को शांत और व्यवस्थित वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।

मुख्य नगरपालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय के अनुसार, परिसर में एक साथ 500 लोगों के बैठकर अध्ययन करने की व्यवस्था रहेगी। विद्यार्थियों के लिए परिसर में गार्डन भी विकसित किया जा रहा है।

किताबों के साथ डिजिटल लाइब्रेरी का भी मिलेगा लाभ

इस नालंदा परिसर की खासियत केवल इसकी क्षमता ही नहीं, बल्कि यहां मिलने वाली आधुनिक डिजिटल सुविधाएं भी होंगी। विद्यार्थियों को ई-पुस्तकालय और हाईस्पीड वाई-फाई की सुविधा मिलेगी। इसके माध्यम से युवा ऑनलाइन शैक्षणिक सामग्री, डिजिटल पुस्तकें और विभिन्न विषयों से जुड़ी अध्ययन सामग्री का लाभ उठा सकेंगे।

विद्यार्थी अपने मोबाइल और लैपटॉप के जरिए भी डिजिटल संसाधनों तक पहुंच बना सकेंगे। इसके अलावा परिसर में कैफेटेरिया की सुविधा भी विकसित की जा रही है। पुस्तकालय के संचालन की जिम्मेदारी नगरपालिका के पास रहेगी, वहीं पुस्तकों की उपलब्धता के लिए शासन की ओर से अलग से राशि प्रदान की जाएगी।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगी नई सुविधा

वर्तमान में जिला मुख्यालय में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित पुस्तकालय में विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। लेकिन 500 सीटर नालंदा परिसर शुरू होने के बाद युवाओं को एक बड़े और आधुनिक अध्ययन केंद्र की सुविधा मिलेगी। यहां उपलब्ध पुस्तकें, डिजिटल संसाधन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों को यूपीएससी, पीएससी, व्यापमं और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायक होंगे।

कुनकुरी में भी 4.37 करोड़ से बन रहा नालंदा परिसर

जशपुर जिला मुख्यालय के साथ कुनकुरी नगर पंचायत में भी आधुनिक लाइब्रेरी की तैयारी चल रही है। यहां 4 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण कराया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इसके शुरू होने से कुनकुरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक अध्ययन सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

युवाओं के लिए शिक्षा के नए अवसर

जशपुर और कुनकुरी में नालंदा परिसर का निर्माण जिले में शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। आधुनिक लाइब्रेरी, डिजिटल अध्ययन सामग्री और बेहतर सुविधाओं के जरिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने की तैयारी है। आने वाले समय में ये दोनों परिसर जिले के युवाओं के अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रमुख केंद्र बन सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post