जशपुर में रेल क्रांति की दस्तक! दूसरी रेल परियोजना को केंद्र की मंजूरी, पत्थलगांव से गुजरेगी ट्रेन70 साल का इंतजार खत्म होने की उम्मीद! सरडेगा-अंबिकापुर रेल लाइन को मिली हरी झंडी।

जशपुर को दूसरी रेल लाइन की सौगात ! सरडेगा से पत्थलगांव होते हुए अंबिकापुर तक दौड़ेगी ट्रेन, 218 KM रेल परियोजना को केंद्र की हरी झंडी

70 के दशक से उठ रही रेल कनेक्टिविटी की मांग को मिली नई दिशा, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 27 अक्टूबर को जारी की अधिसूचना।

ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड को रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली परियोजना से जशपुर के विकास, व्यापार और आवागमन को मिलेगी नई रफ्तार

जशपुरनगर। आदिवासी बाहुल्य जशपुर जिले के लिए रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल के बाद ओडिशा के सरडेगा से छत्तीसगढ़ के पत्थलगांव होते हुए अंबिकापुर तक प्रस्तावित 218 किलोमीटर लंबी रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार ने हरी झंडी दे दी है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 27 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर परियोजना को राजपत्र में प्रकाशित किया है।

इस परियोजना के साथ ही जशपुर जिले में दूसरी रेल लाइन परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में आगे बढ़ाने का रास्ता खुल गया है। इससे पहले लोहरदगा से धर्मजयगढ़ तक प्रस्तावित रेल लाइन को भी केंद्र सरकार विशेष रेल परियोजना में शामिल कर राजपत्र में प्रकाशित कर चुकी है।

218 किलोमीटर में बिछेगी रेल लाइन, दो चरणों में तय होगा सफर

प्रस्तावित रेल लाइन की कुल लंबाई 218 किलोमीटर होगी। सर्वे रिपोर्ट के अनुसार ओडिशा के सरडेगा से पत्थलगांव तक 128 किलोमीटर और पत्थलगांव से अंबिकापुर तक 90 किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण प्रस्तावित है। इस परियोजना के लिए सर्वेक्षण का काम पहले ही पूरा किया जा चुका है।

रेल लाइन का निर्माण होने से ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। खासकर जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

विशेष रेल परियोजना में शामिल होने से प्रक्रियाओं में आएगी तेजी

विशेष रेल परियोजना का दर्जा मिलने से इस परियोजना को सामान्य रेल परियोजनाओं की तुलना में प्राथमिकता मिलती है। इसके तहत भूमि अधिग्रहण, वन स्वीकृति, पर्यावरणीय अनुमति और अन्य विभागीय प्रक्रियाओं में तेजी लाने का प्रावधान होता है। साथ ही परियोजना के लिए अलग से फंडिंग और समय-सीमा निर्धारित करने की व्यवस्था भी की जाती है, जिससे निर्माण कार्य लंबित न रहे।

70 के दशक से उठ रही थी रेल लाइन की मांग

जशपुर जिले के लोग दशकों से रेल कनेक्टिविटी की मांग करते आ रहे हैं। विशेषकर लोहरदगा-कोरबा रेल लाइन की मांग लंबे समय से उठती रही है। अब जिले में दो रेल परियोजनाओं को विशेष रेल परियोजना के रूप में आगे बढ़ाए जाने से क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद जगी है।

रेल नेटवर्क से जुड़ने के बाद जशपुर की कनेक्टिविटी रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, रांची और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों तक बेहतर होने की संभावना है। इससे स्थानीय व्यापार, उद्योग, कृषि उत्पादों के परिवहन, पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिल सकता है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल और केंद्र सरकार के स्तर पर परियोजनाओं को मिली प्राथमिकता से जशपुर में रेल कनेक्टिविटी का सपना अब आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। हालांकि, परियोजना की वास्तविक तस्वीर निर्माण की समय-सीमा और आगे की स्वीकृतियों के बाद ही स्पष्ट होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post