जशपुर - महिला से किया शादी का वादा, मांग में भरा सिंदूर, फिर शादी से मुकरा; आरोपी दुर्योधन यादव गिरफ्तार,

महिला के साथ शादी का झांसा देकर 3 साल तक किया दुषकर्म, मांग में भरा सिंदूर फिर शादी से किया इनकार; आरोपी दुर्योधन यादव गिरफ्तार।

जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर महिला के साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी दुर्योधन यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। 
आरोपी पर महिला को शादी करने और उसके बच्चों का पालन-पोषण करने का भरोसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है।


पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान वर्ष 2023 में एक सहेली के माध्यम से आरोपी से हुई थी। महिला ने आरोपी को अपनी शादीशुदा जिंदगी और बच्चों के बारे में पहले ही बता दिया था। इसके बावजूद आरोपी ने उससे शादी करने और बच्चों की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि 31 मार्च 2023 को आरोपी ने महिला की मांग में सिंदूर भरकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद 1 अक्टूबर 2026 तक शादी का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

बाद में आरोपी ने महिला को पत्नी बनाकर रखने से इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने 24 अक्टूबर 2026 को थाना पत्थलगांव में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 253/2026 के तहत धारा 376(2-एन) भादवि एवं धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पकड़ाया आरोपी दुर्योधन यादव 

मामले में आरोपी घटना के बाद से फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से आरोपी के अपने गृह ग्राम में होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी दुर्योधन यादव को गिरफ्तार कर 17 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post