जशपुर पुलिस एक्शन मोड में! DIG एवं SSP ने थाना प्रभारियों को दी सख्त हिदायत, नशा तस्करों और फरार वारंटियों की अब खैर नहीं, दूसरी ओर मानवता का सम्मान; जशपुर SSP ने दो पुलिस मितानों को किया सम्मानित।

जशपुर में अपराधियों पर शिकंजा कसने SP का सख्त फरमान! नशा-पशु तस्करी से लेकर फरार वारंटियों तक पर होगी सीधी कार्रवाई, लापरवाह पुलिसकर्मियों को भी दो टूक संदेश

अपराध समीक्षा बैठक में DIG एवं SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने थाना-चौकी प्रभारियों को दिए कड़े निर्देश, उत्कृष्ट विवेचना करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित, घायलों की जान बचाने वाले दो पुलिस मितानों को मिला सम्मान


जशपुर। जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जशपुर पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। लंबित अपराधों का बोझ कम करने, अवैध नशे और पशु तस्करी पर लगाम लगाने तथा फरार स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर अब पुलिस को मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए गए हैं।


बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून-व्यवस्था से लेकर लंबित मामलों, विवेचना की गुणवत्ता और पुलिस के कामकाज की बिंदुवार समीक्षा की गई। इस दौरान एसएसपी ने स्पष्ट किया कि लंबित प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर मामले में समय-सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।

नशा और पशु तस्करी करने वालों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर

जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और पशु तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एसएसपी ने पुलिस के सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना और चौकी प्रभारियों को स्थानीय स्तर पर मुखबिर तंत्र सक्रिय रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने को कहा। साथ ही सभी थाना-चौकियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्रवाई पर जोर दिया।

फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन ईगल तेज

ऑपरेशन ईगल के तहत फरार स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी भी बैठक का प्रमुख एजेंडा रहा। एसएसपी ने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्र के फरार वारंटियों की अद्यतन जानकारी रखने और उनकी पतासाजी कर अधिक से अधिक वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के निर्देश दिए।

तकनीकी साक्ष्यों से मजबूत होगी विवेचना, डायल 112 पर भी सख्ती

अपराधों की विवेचना में आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग पर जोर देते हुए डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी साक्ष्य अपराधों के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में विवेचकों को तकनीकी रूप से दक्ष और अपडेट रहना होगा।


वहीं डायल 112 की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आपातकालीन सूचना पर तत्काल रिस्पॉन्स देने, घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचने और पीड़ितों को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

पीड़ितों से दुर्व्यवहार नहीं, शिकायतों पर समय-सीमा में कार्रवाई जरूरी

एसएसपी ने पुलिस के व्यवहार को लेकर भी दो टूक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने में शिकायत लेकर पहुंचने वाले पीड़ितों और आम नागरिकों के साथ पुलिस अधिकारी-कर्मचारी संवेदनशील, सहज और सम्मानजनक व्यवहार करें। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें और शिकायत की प्रकृति के अनुसार तत्काल वैधानिक कार्रवाई करें।


सीएम पोर्टल एवं छत्तीसगढ़ पुलिस के ऑनलाइन पोर्टलों से मिलने वाली शिकायतों का भी निर्धारित समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए गए।


हादसों में मौत पर पीड़ित परिवारों को राहत दिलाने में न हो देरी

प्राकृतिक आपदा, पानी में डूबने, सर्पदंश और अन्य कारणों से होने वाली आकस्मिक मौत के मामलों में शासन की ओर से मिलने वाली राहत राशि के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दस्तावेजी और विभागीय कार्रवाई तत्काल पूरी कर प्रतिवेदन भेजने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।

सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने चलेगा जागरूकता अभियान

जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए स्कूल-कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात जागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया। लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट के उपयोग, नियंत्रित गति और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।


प्रशिक्षु उप निरीक्षकों के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें पुलिसिंग की व्यावहारिक बारीकियां, विवेचना और कानून-व्यवस्था से जुड़े दायित्व गंभीरता से सीखने तथा जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत भी दी गई।

घायलों की जान बचाने वाले दो पुलिस मितानों को मिला सम्मान

अपराध समीक्षा बैठक के बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और नागरिकों को सम्मानित किया गया। गंभीर मामलों में गुणवत्तापूर्ण विवेचना करने वाले विवेचकों को डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद कर मानवता की मिसाल पेश करने वाले ग्राम घाघरा निवासी विजय कुमार सिदार (40 वर्ष) और ओस्वीन जेराल तिर्की (32 वर्ष) को हेलमेट एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

दरअसल, 6 नवंबर 2026 की रात करीब 9 बजे घाघरा-छतौरी जंगल में स्कॉर्पियो और पिकअप वाहन के बीच दुर्घटना हुई थी। हादसे के बाद दोनों पुलिस मितानों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और अस्पताल एवं पुलिस को सूचना देकर उनकी मदद की। उनके इसी मानवीय कार्य को गुड सेमेरिटन के तहत सम्मानित किया गया।

एसएसपी ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद किसी की जिंदगी बचा सकती है। ऐसे मानवीय प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। बैठक में जिले के समस्त पुलिस राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post