शादी का डिजिटल कार्ड बना साइबर ठगी का हथियार! APK फाइल डाउनलोड करते ही मोबाइल हैक, SBI खाते से उड़ाए 98 हजार रुपये।
चांपा पुलिस ने केरल में दबिश देकर आरोपी को किया गिरफ्तार, NCRP पोर्टल के सुराग से पहुंची पुलिस
जांजगीर-चांपा। साइबर ठग अब लोगों को निशाना बनाने के लिए शादी के निमंत्रण कार्ड का सहारा ले रहे हैं। व्हाट्सएप पर शादी का कार्ड बताकर भेजी गई एक APK फाइल ने नैला स्टेशन रोड निवासी व्यक्ति को 98 हजार रुपये की चपत लगा दी। फाइल डाउनलोड करते ही पीड़ित का मोबाइल हैक हो गया और उसके SBI बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए गए। मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को केरल से गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में साइबर अपराधों पर कार्रवाई करते हुए साइबर थाना जांजगीर की टीम ने इस मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने NCRP पोर्टल से मिले बैंक खाते के सुराग के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई और केरल में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
शादी के कार्ड के नाम पर भेजी APK फाइल, मोबाइल हुआ हैक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 जून 2026 को नैला स्टेशन रोड निवासी राजेश कुमार थवाईत के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से शादी का निमंत्रण कार्ड बताकर एक APK फाइल भेजी गई थी। जैसे ही प्रार्थी ने उस फाइल को डाउनलोड किया, उसका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल से लिंक SBI बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए।
पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना में अपराध क्रमांक 15/2026, धारा 318(4) BNS के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
NCRP पोर्टल के सुराग से केरल पहुंची पुलिस
विवेचना के दौरान पुलिस को NCRP पोर्टल से ठगी की रकम प्राप्त करने वाले बैंक खाते की जानकारी मिली। इसी सुराग के आधार पर पुलिस टीम केरल राज्य के मल्लपुरम जिले के कोण्डोट्टी पहुंची, जहां 29 वर्षीय अब्दुल अजीज के घर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया।
खाते में मिली 98 हजार की ठगी की रकम, 21 हजार रुपये का एक और संदिग्ध लेनदेन
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पीड़ित से ठगी गई 98 हजार रुपये की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त होने और उसे निकालकर घरेलू खर्च में इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की। जांच में आरोपी के खाते में 21 हजार रुपये की एक अन्य संदिग्ध रकम भी मिली है, जिसे लेकर गुजरात से NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज होना पाया गया है।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन और बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। साथ ही बैंक खाते को सीज कराया गया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया गया, जहां विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस की अपील: अनजान APK फाइल डाउनलोड करना पड़ सकता है भारी
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि व्हाट्सएप पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें। साइबर ठग शादी का निमंत्रण कार्ड, मोटर चालान या सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ऐसी फाइलें भेजकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।
पुलिस ने यह भी कहा है कि किसी परिचित व्यक्ति के मोबाइल नंबर से ऐसी फाइल आने पर भी बिना पुष्टि किए उसे डाउनलोड न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रधान आरक्षक रुखसाना बानो, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्र, आरक्षक प्रतीक सिंह एवं आरक्षक राजा जयप्रकाश रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।