कुनकुरी में विकास का पावर शो, रजत जयंती महोत्सव में बिजली विभाग ने गिनाईं 25 साल की ऐतिहासिक उपलब्धियां
"*कुनकुरी।*"
छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कुनकुरी में छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। पूरे उत्साह, जोश और जनभागीदारी के साथ आयोजित इस महोत्सव में बिजली विभाग ने राज्य निर्माण से लेकर अब तक की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को प्रभावशाली ढंग से जनता के सामने रखा। यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की बदली हुई बिजली व्यवस्था और विकास की गति का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।
महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जू देव शामिल हुए। वहीं कार्यपालन अभियंता बी के पवार, अधिक्षण अभियंता एस पी कुमार सर, एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अमन शर्मा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपक केरकेट्टा, सुदबल राम यादव, शिवा चौहान, इमरान खान, सहित बड़ी संख्या में पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी- कर्मचारी एवं आम नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे, जिससे आयोजन की भव्यता और जन विश्वास स्पष्ट रूप से नजर आया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता एस.पी. कुमार ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में बिजली व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और उपभोक्ता-हितैषी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लागू होने से बिजली बिल में होने वाली गड़बड़ियां पूरी तरह खत्म होंगी और उपभोक्ताओं को वास्तविक खपत के अनुसार ही बिल प्राप्त होगा। इससे वर्षों से चली आ रही उपभोक्ताओं की शिकायतों पर स्थायी विराम लगेगा।
अधीक्षण अभियंता ने पीएम सूर्य घर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के माध्यम से सोलर लाइट और सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे न केवल बिजली बिल में राहत मिलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी राज्य मजबूत कदम बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय स्वच्छ और हरित ऊर्जा का है, और छत्तीसगढ़ इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम का संचालन मो. रिजवान ने किया।
उन्होंने छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव के अवसर पर बिजली विभाग के 25 वर्षों के सफरनामा को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। उन्होंने CSPDCL की योजनाओं, बिजली विस्तार कार्यों, सब स्टेशनों की स्थापना, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के विस्तार की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस तरह बीते 25 वर्षों में प्रदेश की बिजली व्यवस्था ने लंबी छलांग लगाई है।
मुख्य अतिथि शौर्य प्रताप सिंह जू देव ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की बिजली व्यवस्था में ऐतिहासिक और क्रांतिकारी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि आज जो सब स्टेशन की व्यवस्था की गई है, जिससे गांव-गांव तक निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंच रही है। यह मजबूत बिजली व्यवस्था ही आज विकास की रीढ़ बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि बिजली की उपलब्धता से शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि और व्यापार सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब बिजली के कारण नए अवसर पैदा हो रहे हैं और लोगों का जीवन स्तर लगातार बेहतर हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी छत्तीसगढ़ सरकार और बिजली विभाग के प्रयासों की सराहना की और कहा कि आने वाले वर्षों में बिजली के क्षेत्र में और भी बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। रजत जयंती महोत्सव के माध्यम से जनता को न केवल बीते 25 वर्षों की उपलब्धियों से रूबरू कराया गया, बल्कि भविष्य की ऊर्जा नीति और योजनाओं का स्पष्ट संदेश भी दिया गया।
देखा जाए तो कुनकुरी में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत जयंती महोत्सव केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि यह प्रदेश की बदली हुई बिजली व्यवस्था, पारदर्शिता, तकनीकी उन्नति और भविष्य की ऊर्जा नीति का सशक्त और खुला प्रदर्शन साबित हुआ।








