पदोन्नति पर नेहरू सोनी का तहसील परिवार ने किया भव्य सम्मान, फूलों के गुलदस्ते से किया अभिनंदन; तहसीलदार बोले– पदोन्नति बढ़ाती है कर्मचारी का मनोबल और कार्यक्षमता।


बागबहार। 19 नवम्बर। तहसील न्यायालय बागबहार के सभागार में उस समय उत्साह और खुशियों का माहौल देखने को मिला, जब तहसील न्यायालय में पदस्थ रीडर एवं कर्मचारी संगठनों में अपनी सक्रिय भूमिका निभा चुके श्री नेहरू सोनी की पदोन्नति पर तहसील परिवार की ओर से भव्य एवं गरिमामय अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता भेंटकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


कार्यक्रम में तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट श्री एस.के. पैंकरा, नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट श्री करण सिंह राठिया तथा राजस्व निरीक्षक श्री ललित भगत ने पदोन्नत लिपिक श्री नेहरू सोनी का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।

पदोन्नति कर्मचारी के लिए नई जिम्मेदारी और बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा – एस.के. पैंकरा

समारोह को संबोधित करते हुए तहसीलदार श्री एस.के. पैंकरा ने कहा कि पदोन्नति केवल पद और पदनाम में बदलाव नहीं, बल्कि कर्मचारी की मेहनत, ईमानदारी एवं कार्य के प्रति समर्पण का सम्मान है। पदोन्नति से कर्मचारियों का उत्साह और मनोबल बढ़ता है तथा वे नई ऊर्जा और जिम्मेदारी के साथ अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करते हैं।


नायब तहसीलदार श्री करण सिंह राठिया ने भी श्री सोनी को बधाई देते हुए उनके कार्य के प्रति लगन, मेहनत और समर्पण की सराहना की। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी पदोन्नति अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायी है।

सहकर्मियों ने दी बधाई, खुशी से खिल उठा तहसील परिसर

इस अवसर पर तहसील न्यायालय बागबहार के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने अपने सहकर्मी श्री नेहरू सोनी को बधाई देते हुए उनके साथ हाथ मिलाकर शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम में आत्मीयता, अपनापन और पारिवारिक सौहार्द का माहौल देखने को मिला।


उल्लेखनीय है कि श्री नेहरू सोनी तहसील न्यायालय बागबहार, अनुविभाग पत्थलगांव में रीडर के पद पर पदस्थ रहे हैं। साथ ही वे छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष तथा छत्तीसगढ़ लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ, जिला जशपुर के पूर्व सचिव के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

अधिकारियों के प्रति जताया आभार, शेरो-शायरी और चुटकुलों से बांधा समां

अपनी पदोन्नति पर खुशी जाहिर करते हुए श्री नेहरू सोनी ने संवेदनशील जिला कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री रोहित व्यास, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पत्थलगांव श्री क्षितिज गुरुभेले (आईएएस), श्री राजीव पाण्डेय (आईएएस), एडीएम, श्री सुनील नायक, श्री आर.एन. पाण्डेय, अपर कलेक्टर सहित जिला एवं तहसील स्तर के समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी के सहयोग, मार्गदर्शन एवं शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम का सबसे खुशनुमा पल उस समय आया, जब श्री नेहरू सोनी ने अपने चिरपरिचित अंदाज में शानदार शेरो-शायरी और मजेदार चुटकुले सुनाकर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को खूब हंसाया। उनकी हाजिरजवाबी और दिलचस्प अंदाज ने समारोह में चार चांद लगा दिए और सभी का दिल जीत लिया।

अंत में हाई टी एवं स्वल्पाहार के साथ समारोह का गरिमामय एवं खुशनुमा माहौल में समापन हुआ। यह आयोजन केवल पदोन्नति की खुशी का उत्सव नहीं, बल्कि सहकर्मियों के बीच आपसी सम्मान, सहयोग और पारिवारिक रिश्तों की खूबसूरत मिसाल बनकर यादगार रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post