मुख्यमंत्री निवास बगिया में श्री रामनवमी महायज्ञ: 25 से 28 मार्च तक भक्ति, यज्ञ और भजन की गूंज, हजारों श्रद्धालु जुटेंगे
जशपुरनगर। श्री रामनवमी पर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री निवास बगिया में 25 मार्च से 28 मार्च 2026 तक चार दिवसीय भव्य श्री रामनवमी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
इस धार्मिक आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। आयोजन को लेकर बगिया गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है, वहीं सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
आयोजन की शुरुआत 25 मार्च को भव्य कलश यात्रा और मूर्ति स्थापना के साथ होगी। इस दिन पूजा, हवन, आरती के साथ धार्मिक लीला एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
26 मार्च को पूजन, हवन, आरती, प्रवचन और भजन-कीर्तन से श्रद्धालु आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव करेंगे।
27 मार्च को विशेष पूजन, हवन, नवकन्या पूजन और पूर्णाहुति आरती के साथ रात्रि में भव्य लीला एवं भजन-कीर्तन कार्यक्रम आयोजित होगा।
समापन दिवस 28 मार्च को सहस्त्रधारा स्नान, आशीर्वाद, मूर्ति विसर्जन एवं प्रसाद वितरण के साथ महायज्ञ का समापन किया जाएगा।
यह भव्य आयोजन ग्राम बगिया स्थित यज्ञ स्थल पर संपन्न होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम का आयोजन परम पूज्य गुरुदेव स्वामी श्री धनपति पण्डा जी महाराज (गुरुधाम मुंडियापानी, लैलूंगा, रायगढ़) के आशीर्वाद से किया जा रहा है।
सत्य सनातन धर्म, देवी संत समाज आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति संगीत, कथा-प्रवचन और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय रहेगा।