दुलदुला में शिक्षकों की समस्याओं पर बड़ा कदम, 7 सूत्रीय मांगों को लेकर विकासखंड शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
दुलदुला (जशपुर)।
सर्व शैक्षिक संगठन, विकास खंड दुलदुला द्वारा शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के निराकरण को लेकर विकास खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में शिक्षकों ने अपनी प्रमुख मांगों को रखते हुए शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई है।
ज्ञापन में कुल 7 प्रमुख बिंदुओं को शामिल किया गया है।
इनमें वरिष्ठता सूची के निर्धारण एवं प्रकाशन, प्राथमिक व माध्यमिक शालाओं में रिक्त प्रधान पाठक पदों की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख है।
साथ ही अर्जित अवकाश एवं मेडिकल अवकाश से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण और वेतन में समायोजन की बात भी रखी गई है।
इसके अलावा कक्षा 1 से 4 एवं 6 से 7 तक प्रगति पत्रक के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने, एलबी संवर्ग शिक्षकों के जीपीएफ पासबुक एवं सेवा पुस्तिका के संधारण, बैठक उपरांत कार्यवाही विवरण जारी करने और युक्तियुक्तकरण के तहत शाला अनुदान राशि से जुड़े मुद्दों को भी उठाया गया है।
शिक्षक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि इन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विकाश खंड संचालक श्री भुवनेश्वर सूर्यवंशी, श्री दीपक मार्टिन बड़ा, श्री लोकेश सड़ंगी, श्री मनोज एंबस्ट, श्री लखन लाल भरद्वाज, श्री संदीप कुजूर समेत शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।