कुनकुरी में कर्मा जयंती की धूम: भव्य रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मान समारोह से गूंजा मंगल भवन
कुनकुरी।
नगर कुनकुरी में भक्त माता कर्मा जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। तेली समाज कुनकुरी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पूरे उत्साह के साथ आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगल भवन कुनकुरी में भक्त माता कर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुई। इसके बाद समाज के लोगों ने भव्य रैली निकालकर नगर भ्रमण किया, जिससे पूरे नगर में उत्सव का माहौल बन गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जशपुर जिला साहू संघ के जिला अध्यक्ष श्री सुरेंद्र गुप्ता, महामंत्री श्री मोहन राम साहू, उपाध्यक्ष श्री पवन गुप्ता, श्री महेंद्र प्रसाद गुप्ता तहसील अध्यक्ष कुनकुरी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विविध रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया।
तत्पश्चात मुख्य अतिथियों द्वारा प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में श्री शिवबालक साव, सुखदेव साव, श्रीमती सरोज बाला गुप्ता सहित दूर-दराज से आए अनेक अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्री अखिलेश कुमार साहू एवं श्री विनोद कुमार गुप्ता द्वारा किया गया, वहीं आभार प्रदर्शन श्री शंकर राम गुप्ता ने किया।
कुनकुरी में कर्मा जयंती का आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक समृद्धि और श्रद्धा का शानदार उदाहरण बना।