21/09/2026
Jio नेटवर्क की बदहाली से भड़का ग्रामीणों का आक्रोश, जल्द सुधार नहीं हुआ तो NH-43 करेंगे चक्का जाम, चेतावनी
दुलदुला :- दुलदुला क्षेत्र में Jio टावर की बदहाल नेटवर्क व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। कई महीनों से सिग्नल और इंटरनेट की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने अब आंदोलन की रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द नेटवर्क व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पतराटोली स्थित NH-43 राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम किया जाएगा। जिसकी जवाबदेही jio टावर कंपनी की होगी।
समाजसेवी एवं वार्ड पार्षद अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से Jio नेटवर्क की समस्या झेल रहे हैं। घरों के अंदर सिग्नल नहीं आता, इंटरनेट की गति बेहद खराब है, जिसके कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के जरूरी कामों में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ऑनलाइन राशन व्यवस्था से लेकर बैंकिंग कार्य तक प्रभावित हो रहे हैं।
बैटरी खराब होने की बात सामने आई, अधिकारी ने दिया जल्द सुधार का आश्वासन
नेटवर्क समस्या को लेकर अजय कुमार गुप्ता ने ग्रामीणों के साथ Jio टावर के कर्मचारी को बुलाकर स्थिति के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान टावर में डीजल की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए गए। कर्मचारी ने डीजल की समस्या से इनकार करते हुए टावर की बैटरी खराब होने की बात कही।
ग्रामीणों ने कर्मचारी से उसके आला अधिकारी से फोन पर बात कराई। बातचीत के दौरान संबंधित अधिकारी ने खराब बैटरी को जल्द बदलने और नेटवर्क व्यवस्था में सुधार करने का आश्वासन दिया।
आश्वासन पर ग्रामीणों की नजर, सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन
बैठक में ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर नेटवर्क व्यवस्था में सुधार चाहिए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सामूहिक रूप से सड़क पर उतरने और चक्का जाम करने के लिए बाध्य होंगे।
पूरे जिले में नेटवर्क की बदहाली का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि Jio नेटवर्क की समस्या सिर्फ दुलदुला विकासखंड तक ही सीमित नहीं है, बल्कि कुनकुरी, पत्थलगांव, बगीचा, फरसाबहार सहित जशपुर जिले के कई क्षेत्रों में भी उपभोक्ताओं को नेटवर्क और इंटरनेट की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अब बड़ा सवाल यह है कि नेटवर्क अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद वास्तव में व्यवस्था सुधरती है या फिर ग्रामीणों को पहले की तरह ही परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि जल्द सुधार नहीं हुआ तो पतराटोली में NH-43 पर चक्का जाम कर आंदोलन किया जाएगा।
इस संबंध में किए गए आयोजित बैठक में अजय गुप्ता सहित चंदन, संजय, पिंकू, राजू, विक्की, संदीप, हेमंत, बीटू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।