मासूमों पर अत्याचार! कांसाबेल छात्रावास में अधीक्षक पर मारपीट का आरोप, कार्रवाई न होने से आक्रोश”

मासूमों पर अत्याचार! कांसाबेल छात्रावास में अधीक्षक पर मारपीट का आरोप, कार्रवाई न होने से आक्रोश”

जशपुर | रिपोर्ट : दीपक वर्मा

जशपुर जिले के कांसाबेल स्थित प्री-मैट्रिक छात्रावास एक बार फिर गंभीर विवादों में घिर गया है। छात्रावास अधीक्षक विकास लकड़ा पर बच्चों के साथ मारपीट, गाली-गलौज और डराने-धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले ने न केवल छात्रावास के माहौल को भयभीत कर दिया है, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

छात्रावास में रहने वाले बच्चों ने खुलकर बताया कि अधीक्षक द्वारा उनके साथ मारपीट की जाती है और अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाता है। बच्चों के अनुसार, अधीक्षक का व्यवहार अक्सर आक्रामक रहता है, जिससे वे खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं। मासूम बच्चों के मन में डर का माहौल बन गया है, जो किसी भी शैक्षणिक संस्थान के लिए बेहद चिंताजनक है।

मामले को और गंभीर बनाते हुए छात्रावास में कार्यरत दैनिक मजदूर और छात्रावास के प्रेसिडेंट ने भी अधीक्षक के खिलाफ आरोपों की पुष्टि की है। उनका कहना है कि विकास लकड़ा बच्चों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं और कई बार रात के समय छात्रावास में उपस्थित भी नहीं रहते। ऐसी स्थिति में बच्चों की सुरक्षा पूरी तरह भगवान भरोसे है।

गौरतलब है कि इस पूरे मामले की जानकारी जिला स्तर तक पहुंच चुकी है। जशपुर जिला पंचायत अध्यक्ष शालिक साय द्वारा छात्रावास का निरीक्षण कर शिकायतों से अवगत होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर प्रशासन कब जागेगा?
क्या बच्चों के साथ हो रहे इस कथित अत्याचार पर सख्त कार्रवाई होगी या फिर जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे रहेंगे?
फिलहाल, पूरे मामले ने शिक्षा व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है।
Previous Post Next Post