रामकथा में ‘चेन स्नैचरों’ की एंट्री! कुनकुरी में 3 महिलाएं बनीं निशाना, 3 लाख की सोने की चेन पार

कुनकुरी / रामकथा में ‘चेन स्नैचरों’ की एंट्री! कुनकुरी में 3 महिलाएं बनीं निशाना, 3 लाख की सोने की चेन पार

भीड़ का फायदा उठाकर सक्रिय हुआ गिरोह, एक वारदात नाकाम—पुलिस CCTV खंगालने में जुटी

कुनकुरी से बड़ी खबर सामने आई है जहां 02 अप्रैल से 08 तक चल रहे श्रीराम कथा आयोजन के बीच एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है, जिसने श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 

कथा वाचक स्वामी चिन्मयानंद बापू जी की श्रीराम कथा सुनने पहुंची महिला श्रद्धालु प्रभा हेडा के गले से करीब 3 लाख रुपए की सोने की चेन पार कर दी गई।

यह घटना कुनकुरी के सलियाटोली मिनी स्टेडियम स्थित श्री राम कथा स्थल की है, जहां पीड़ित महिला के अनुसार सोमवार शाम करीब 7 बजे से 8 बजे के बीच वारदात को अंजाम देना बताया गया है।

बता दें कि 02 अप्रैल से 08 अप्रैल तक चल रहे इस धार्मिक आयोजन में सोमवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के आगमन पर भारी भीड़ उमड़ी थी। 

एक नहीं, तीन महिलाएं बनीं निशाना

यह मामला केवल एक महिला तक सीमित नहीं रहा। मौके पर मौजूद जानकारी के अनुसार दो अन्य महिलाओं को भी निशाना बनाया गया—
एक महिला की चेन काट ली गई
जबकि दूसरी महिला की चेन गले में फंस जाने के कारण चोर वारदात को अंजाम देने में नाकाम रहे।

पहले से दी जा रही थी चेतावनी, फिर भी वारदात

गौरतलब है कि श्री राम कथा आयोजन स्थल पर माइक के माध्यम से लगातार यह घोषणा की जा रही थी कि महिलाएं कीमती सोने-चांदी के आभूषण पहनकर न आएं, बावजूद इसके इतनी बड़ी घटना सामने आ गई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद श्रद्धालुओं में दहशत का माहौल है, पीड़ित महिला प्रभा हेडा ने कुनकुरी थाने में शिकायत की है। वहीं पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच में जुट गई है, आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, साथ ही भीड़ में सक्रिय संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
Previous Post Next Post