जनगणना ड्यूटी में लापरवाही पड़ा भारी ! सत्यजीत निराला सहायक शिक्षक सस्पेंड, कलेक्टर का कड़ा एक्शन
जशपुर। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही बरतना एक शिक्षक को भारी पड़ गया। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी, जशपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रशिक्षण से बिना सूचना अनुपस्थित रहने और बार-बार नोटिस के बावजूद जवाब नहीं देने पर सहायक शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत भवन क्रमांकन एवं मकान सूचीकरण कार्य के लिए 15 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक दुलदुला में प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। इस दौरान ग्राम पतराटोली, तहसील दुलदुला के सहायक शिक्षक सत्यजीत निराला बिना किसी पूर्व सूचना के प्रशिक्षण से अनुपस्थित पाए गए।
इस संबंध में उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन उन्होंने निर्धारित समय तक कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया। अधिकारियों ने इसे गंभीर लापरवाही और कर्तव्य के प्रति उदासीनता मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन बताया।
कलेक्टर ने दिखाई सख्ती:
पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने शिक्षक को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, दुलदुला कार्यालय निर्धारित किया गया है।
संदेश साफ:
प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संकेत दे दिया है कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय कार्य में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।