झाड़-फूंक का झांसा देकर मासूम को किया था अगवा, जशपुर पुलिस ने 24 घंटे में ही बच्चे समेत आरोपी महिला को धर दबोचा।
एक माह के बच्चे की चोरी का सनसनीखेज खुलासा, सकुशल बरामद हुआ मासूम, आरोपी महिला जेल भेजी गई।
जशपुर। जशपुर पुलिस ने एक माह के मासूम बच्चे के अपहरण के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की थी, जिसके बाद आरोपी महिला तक पहुंचने में सफलता मिली।
जानकारी के अनुसार, पंडरापाठ क्षेत्र से एक दंपति अपने बीमार एक माह के बच्चे के इलाज के लिए शासकीय अस्पताल जशपुर में भर्ती थे। इसी दौरान दातुनपानी निवासी 35 वर्षीय तारा बाई ने बच्चे के परिजनों से संपर्क कर उनका विश्वास जीत लिया। आरोपी महिला ने बच्चे को कथित "छान्दा" बीमारी से पीड़ित बताते हुए झाड़-फूंक से ठीक करने का भरोसा दिलाया और धीरे-धीरे परिवार के करीब पहुंच गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला बच्चे की मां और दादी को भोजन कराने के बहाने अस्पताल से जशपुर बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में ले गई। भोजन के दौरान मौका पाकर वह बच्चे को गोद में लेकर वहां से फरार हो गई। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर सिटी कोतवाली जशपुर में अज्ञात महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध महिला की तस्वीर मिली। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई तलाश के आधार पर पुलिस ने आरोपी तारा बाई को उसके गांव दातुनपानी, चौकी पंडरापाठ, थाना बगीचा क्षेत्र से हिरासत में लिया। उसके कब्जे से एक माह का मासूम बच्चा भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसकी तीन शादियां हो चुकी हैं। पहली शादी से उसके बच्चे हैं, लेकिन बाद की दो शादियों से उसे संतान नहीं हुई। कुछ समय पहले गर्भपात हो जाने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान थी और बच्चा पाने की चाह में अस्पताल के आसपास घूमती रहती थी। इसी दौरान उसने मासूम बच्चे को अगवा करने की योजना बनाई और परिजनों को झांसे में लेकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(3) भी जोड़ते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं मासूम बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
आरोपी: तारा बाई (35 वर्ष), निवासी दातुनपानी, चौकी पंडरापाठ, थाना बगीचा, जिला जशपुर।