PNB एटीएम लूट की कोशिश नाकाम: जशपुर पुलिस ने जारी की संदिग्धों की तस्वीरें, सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम।

PNB एटीएम लूट की कोशिश नाकाम: जशपुर पुलिस ने जारी की संदिग्धों की तस्वीरें, सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम

कुनकुरी | जशपुर
कुनकुरी में नेशनल हाईवे-43 स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एटीएम को उखाड़कर लूटने की कोशिश कुनकुरी पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से नाकाम हो गई थी। अब पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज करते हुए संदिग्धों की तस्वीरें जारी की हैं और आम नागरिकों से उनकी पहचान कराने में सहयोग की अपील की है।

दरअसल यह घटना बीते कुछ माह पहले कुनकुरी का है जहां घटना के दौरान बदमाशों ने एटीएम बूथ के सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर उन्हें धुंधला करने का प्रयास किया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बावजूद पुलिस एटीएम परिसर के साथ-साथ आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और नेशनल हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल चुकी है। उपलब्ध फुटेज के आधार पर संदिग्धों के चेहरे और हुलिये की पहचान की जा रही है। 

पुलिस के अनुसार, पीछा किए जाने पर आरोपी कुंजारा जंगल के पास अपनी पिकअप वाहन (क्रमांक JH-07E-9167) छोड़कर फरार हो गए। वाहन की जांच, फिंगरप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस ने अलग-अलग विशेष टीमों का गठन कर झारखंड, उड़ीसा सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।

जशपुर पुलिस ने जारी तस्वीरों में दिखाई दे रहे संदिग्धों की पहचान कराने में आम नागरिकों से सहयोग मांगा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों के संबंध में सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति को उचित इनाम दिया जाएगा तथा उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

यदि किसी व्यक्ति के पास आरोपियों से संबंधित कोई जानकारी, फोटो, वीडियो या सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध हो, तो वह तत्काल निकटतम थाना या कुनकुरी पुलिस से संपर्क कर मामले के खुलासे में सहयोग कर सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post