अंशकालीन सफाई कर्मचारियों की महत्वपूर्ण बैठक: पूर्णकालीन और कलेक्टर दर की मांग को लेकर अब आर-पार की तैयारी। 02 अक्टूबर को जशपुर कलेक्टर को ज्ञापन और 05 अक्टूबर को रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपेंगे मांगपत्र।


जशपुरनगर :- जिले के अंशकालीन सफाई कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार कर ली है। जशपुर में आयोजित एक दिवसीय बैठक में कर्मचारियों ने अंशकालीन व्यवस्था समाप्त कर पूर्णकालीन करने और कलेक्टर दर के अनुसार मानदेय दिए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया। 

बैठक में जिलेभर से पहुंचे कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से सफाई व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अंशकालीन व्यवस्था के चलते उन्हें अपेक्षाकृत कम मानदेय में काम करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने शासन से उनकी सेवाओं को पूर्णकालीन करने तथा कलेक्टर दर लागू करने की मांग की है।

02 अक्टूबर को कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन

बैठक में मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए चरणबद्ध कार्यक्रम तय किया गया। निर्णय लिया गया कि 02 अक्टूबर को जशपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की मांगों से अवगत कराया जाएगा। इसमें पूर्णकालीन करने, कलेक्टर दर लागू करने सहित अन्य मांगें शामिल रहेंगी।

05 अक्टूबर को रायपुर में मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र

इसके बाद 05 अक्टूबर को रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने की रणनीति बनाई गई है। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को शासन स्तर तक मजबूती से पहुंचाने के लिए सभी कर्मचारी एकजुट होकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएंगे।

बैठक में संगठन की जिलाध्यक्ष एकतसुम खातून, उपाध्यक्ष सुखनाथ राम सहित अन्य पदाधिकारी और जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे अंशकालीन सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक के बाद अब कर्मचारियों की नजर आगामी 02 अक्टूबर और 05 अक्टूबर के कार्यक्रमों पर है। संगठन ने दोनों कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं और शासन से उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post