मां ने ही ₹1.80 लाख में बेच दिया 9 महीने के दुधमुंहे मासूम को! जशपुर पुलिस ने बंगाल से किया रेस्क्यू, मां समेत 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार।

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कुनकुरी में एक मां पर अपने ही 9 से 10 माह के मासूम बच्चे को ₹1 लाख 80 हजार में बेचने का आरोप है। जशपुर पुलिस ने पश्चिम बंगाल में कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में मां समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पूरा मामला क्या है?

12 अगस्त 2026 को कुनकुरी निवासी लक्ष्मी बाई की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 149/2026 दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि यशोदा यादव ने 18 दिसंबर 2025 को बच्चे को जन्म दिया था, जिसे कथित तौर पर मार्च 2026 में बेच दिया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने सुकरू आलम उर्फ बंगाली, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम लालपुर भीमचक, थाना भगवानपुर, जिला मदनापुर, पश्चिम बंगाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में बच्चे को पश्चिम बंगाल निवासी शेख अलविन, उम्र 52 वर्ष, तक पहुंचाने की जानकारी सामने आई। शेख अलविन ने पुलिस को बताया कि उसने बच्चे को ₹1 लाख 80 हजार में खरीदकर अपनी बेटी को दे दिया था।

मां समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने यशोदा यादव, उम्र 29 वर्ष, निवासी बेंदरभदरा, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर; सुकरू आलम उर्फ बंगाली; शेख अलविन; निर्मला तिर्की, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम जोकारी, थाना कुनकुरी, वर्तमान निवास सुखबासु पारा, राजू नगर, कुनकुरी; और फूलकुवारी यादव उम्र 50 वर्ष, निवासी बेंदरभदरा, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर को गिरफ्तार किया है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने पश्चिम बंगाल पहुंचकर बच्चे को सकुशल बरामद किया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह चंद्रा, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक अलीका पैंकरा, ढलेश्वर यादव और आरक्षक आलोक तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 149/2026 के तहत धारा 81 किशोर न्याय अधिनियम तथा धारा 143(4), 61(2) भारतीय न्याय संहिता में कार्रवाई की है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post