25 लाख के निर्माण कार्य पर कुनकुरी अधिवक्ता संघ ने उठाए सवाल, प्रेस कांफ्रेंस कर मांगी पारदर्शिता
कुनकुरी/जशपुर - अधिवक्ता संघ कुनकुरी द्वारा अधिवक्ताओं की सुविधाओं के लिए स्वीकृत 25 लाख रुपये की राशि से कराए जा रहे निर्माण एवं विकास कार्यों को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। संघ ने प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रक्रिया और राशि के उपयोग को लेकर अपनी आपत्तियां सामने रखीं।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विष्णु कुलदीप, सचिव मो. फिरोज खान एवं वरिष्ठ अधिवक्ता कैलाश नाथ गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अधिवक्ता संघ के सभी पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे।
इस दौरान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए स्वीकृत राशि का उपयोग पारदर्शिता के साथ और निर्धारित कार्यों में किया जाना चाहिए। संघ के अनुसार, शासन द्वारा अधिवक्ता संघ कुनकुरी के लिए विभिन्न आवश्यक कार्यों के लिए 25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
संघ की बैठक में अधिवक्ता कक्षों में फर्नीचर, क्षतिग्रस्त छत की मरम्मत, अलमारी, एसी सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर प्रस्ताव भी पारित किया गया था।
अधिवक्ता संघ ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के संबंध में संघ को समुचित जानकारी एवं सहमति के बिना कार्य कराया जा रहा है। निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए संघ ने कहा कि कुछ स्थानों पर कार्य पूरा होने के बावजूद बारिश के दौरान पानी रिसने जैसी समस्या सामने आ रही है।
प्रेस कांफ्रेंस में अधिवक्ता संघ ने मांग की कि 25 लाख रुपये की स्वीकृत राशि का अब तक कितना उपयोग हुआ, किन-किन कार्यों में राशि खर्च की गई और निर्माण कार्य किस मापदंड के तहत कराया जा रहा है, इसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए।
आपको यह भी बताते चलें कि इस मामले की पूरी जानकारी मुख्यमंत्री टोल फ्री नंबर 1076 को भी सूचना दी गई है।
बहरहाल संघ ने स्पष्ट किया है कि अधिवक्ताओं के लिए स्वीकृत राशि का सदुपयोग हो और निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, इसके लिए पूरे मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है। अन्यथा संबंधित के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कराने की भी चेतावनी दी है।