कुनकुरी। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम श्रीटोली में मंगलवार को एक 32 वर्षीय युवक का शव घर के कोठार में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस को सूचना मिलते ही तत्काल थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह चंद्रा कुनकुरी ने पुलिस टीम मौके पर भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कलिंदर राम, पिता स्वर्गीय हरिश्वर राम, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम श्रीटोली, थाना कुनकुरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 19 अक्टूबर की रात गांव में नाटक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसे देखने के बाद कलिंदर राम मंगलवार सुबह करीब 7 बजे कार्यक्रम स्थल पर मिला था। इसके बाद वह अपने घर चला गया था।
मंगलवार दोपहर करीब 12:35 बजे परिजनों और ग्रामीणों को सूचना मिली कि कलिंदर राम ने अपने घर के कोठार में फांसी लगा ली है। ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचकर देखने पर युवक एक गमछे के सहारे फंदे पर लटका मिला। जांच के दौरान उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर कुनकुरी पुलिस मर्ग इंटीमेशन कायम कर शव पंचनामा की कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पोस्टमार्डम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।