कुनकुरी में मची सनसनी: हॉस्टल से लापता 8 छात्राएं सुरक्षित लौटीं, रिश्तेदारों संग चली गई थीं घर।
कुनकुरी। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित निजी विद्यालय के हॉस्टल से बुधवार शाम अचानक आठ छात्राओं के गायब होने की खबर से सनसनी फैल गई। हालांकि, प्रबंधन और परिजनों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि गायब हुई सभी आठों छात्राएं सुरक्षित वापस लौट आई हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गायब हुई छात्राओं में से एक छात्रा बुधवार रात ही हॉस्टल वापस आ गई थी, जबकि शेष सात छात्राएं गुरुवार सुबह करीब 8 बजे सुरक्षित हॉस्टल लौट आई हैं।
चर्च में मिले रिश्तेदार, बिना बताए चली गईं थी घर
हॉस्टल अधीक्षिका (सिस्टर) ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि हॉस्टल से बाहर जाने वाली सभी छात्राएं नाबालिग हैं। बुधवार को 'रोजरी की महारानी माता मरियम' का त्यौहार था, जिसे मनाने के लिए छात्राएं चर्च गई थीं। वहां चर्च परिसर में छात्राओं की मुलाकात अपने रिश्तेदारों से हो गई। रक्षाबंधन की छुट्टियों के बाद से घर न जा पाने के कारण छात्राएं रिश्तेदारों के साथ बिना प्रबंधन को सूचना दिए अपने-अपने घर चली गईं।
छात्राओं ने मांगी माफी
हॉस्टल लौटने पर छात्राओं ने बताया कि रक्षाबंधन के बाद से वे घर नहीं जा पाई थीं। चर्च में रिश्तेदार मिल जाने पर वे उनके साथ घर चली गईं और हड़बड़ी में हॉस्टल सिस्टर को इसकी जानकारी नहीं दे सकीं। अपनी इस लापरवाही और बिना अनुमति हॉस्टल से बाहर रहने पर छात्राओं ने विद्यालय व हॉस्टल प्रबंधन से माफी मांगी है।
सभी छात्राओं के सकुशल लौटने के बाद विद्यालय प्रबंधन, हॉस्टल प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली।