एशियन गेम्स के कांस्य पदक विजेता अनिमेष कुजूर का कुनकुरी में भव्य स्वागत, बाइक रैली और आतिशबाजी से गूंजा शहर। जय स्तंभ चौक पर फूल-मालाओं से हुआ भव्य अभिनंदन; माता-पिता के साथ पहुंचे अंतरराष्ट्रीय एथलीट।

कुनकुरी/ एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर देश और जशपुर जिले का नाम रोशन करने वाले अंतरराष्ट्रीय एथलीट अनिमेष कुजूर के कुनकुरी आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। शनिवार, 24 अक्टूबर को उनके स्वागत में बाइक रैली निकाली गई। आतिशबाजी, जयघोष और उत्साह के बीच जय स्तंभ चौक पर आयोजित अभिनंदन समारोह में लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

अनिमेष कुजूर के आगमन को लेकर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। उनके साथ उनके पिता अमृत कुजूर एवं माता रीना कुजूर भी कुनकुरी पहुंचे। दोनों के डीएसपी होने की जानकारी सामने आई है। इस दौरान लोगों ने फूल-मालाओं से अनिमेष का अभिनंदन कर उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया।

गिनाबहार अटल चौक से निकली बाइक रैली, जय स्तंभ चौक पर हुआ सम्मान

स्वागत कार्यक्रम की शुरुआत गिनाबहार अटल चौक से हुई, जहां से बाइक रैली निकाली गई। रैली बाजार डांड रोड होते हुए कुनकुरी बस स्टैंड पहुंची। इसके बाद मेन रोड से होते हुए रैली जय स्तंभ चौक पहुंची। पूरे मार्ग में स्वागत को लेकर उत्साह का माहौल रहा। आतिशबाजी और जयकारों के बीच जय स्तंभ चौक पर अनिमेष कुजूर का भव्य अभिनंदन किया गया।

सभा को संबोधित कर लोगों का जताया आभार

जय स्तंभ चौक पर आयोजित स्वागत समारोह में अनिमेष कुजूर ने सभा को संबोधित किया। उनकी उपलब्धि से गौरवान्वित स्थानीय लोगों ने उनका उत्साहवर्धन किया। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर कांस्य पदक हासिल करना जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय बना हुआ है।

अनिमेष की उपलब्धि से जशपुर जिले में गर्व का माहौल

अनिमेष कुजूर की इस उपलब्धि ने जशपुर जिले को नई पहचान दिलाई है। कुनकुरी में आयोजित भव्य स्वागत समारोह के माध्यम से लोगों ने खेल के क्षेत्र में उनकी मेहनत और सफलता का सम्मान किया। उनके स्वागत में दिखा उत्साह इस बात का प्रतीक रहा कि जिले के लोग अपने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की उपलब्धियों को लेकर कितने गौरवान्वित हैं।

जशपुर की धरती के इस खिलाड़ी की सफलता से युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिल रही है। वहीं कुनकुरी एसडीओपी राजेश साहू के साथ कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह चंद्रा ने भी अपनी पुलिस टीम की ओर से एनीमेस कुजूर को बधाई दी।


इस अवसर पर वॉल्टर कुजूर जिलाध्यक्ष हॉकी संघ जशपुर, अभिनंद खलखो, यूडी मिंज, डॉ. कुजूर, विनयशील, राजकुमार गुप्ता, सुनील अग्रवाल, ताहिर अली, दीपक केरकेट्टा सहित अन्य सभी गणमान्य नागरिक गण मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post