जशपुर में शोक की लहर: युवा व्यवसायी अभ्युदय मिश्रा का निधन, सामाजिक जगत में छाया मातम
वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता गणेश नारायण मिश्रा के इकलौते पुत्र थे अभ्युदय, युवाओं के बीच थी खास पहचान
जशपुर -- जशपुर। जिले के युवा व्यवसायी एवं युवाओं के बीच लोकप्रिय अभ्युदय मिश्रा के असामयिक निधन की खबर से जशपुर जिले में शोक की लहर फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभ्युदय मिश्रा का आज रायपुर में हृदयाघात से निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार, परिचितों, शुभचिंतकों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में गहरा दुःख व्याप्त है।
नेहरू सोनी, ने बताया कि अभ्युदय मिश्रा, जशपुर जिले के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता एवं किसान संघ के प्रदेश पदाधिकारी तथा सुप्रसिद्ध पतंजलि स्टोर के संचालक गणेश नारायण मिश्रा के इकलौते पुत्र थे। वे अपने सरल स्वभाव, मृदुभाषी व्यवहार और मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। युवा व्यवसायी के रूप में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी और युवाओं के बीच उनकी अच्छी लोकप्रियता थी।
परिवार की जिम्मेदारियों के साथ व्यवसाय में बनाई पहचान
अभ्युदय मिश्रा अपने परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सफलतापूर्वक व्यवसाय कर रहे थे। अपने व्यवहार और व्यक्तित्व से उन्होंने लोगों के बीच विशेष स्थान बनाया था। उनके असमय चले जाने से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, उन्हें जानने वाले लोग भी इस हृदयविदारक समाचार से स्तब्ध हैं।
असमय विदाई से हर कोई दुखी, नम आंखों से दी जा रही श्रद्धांजलि
नेहरू सोनी ने कहा अभ्युदय मिश्रा का इस तरह अचानक दुनिया से चले जाना उनके परिजनों और शुभचिंतकों के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से एक ऐसे युवा व्यक्तित्व का अंत हुआ, जिसने अपने सरल व्यवहार और मिलनसार स्वभाव से लोगों के दिलों में जगह बनाई थी। इस दुःखद घड़ी में अभ्युदय मिश्रा को भावपूर्ण एवं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल मिश्रा परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।