कुनकुरी में दंतैल हाथी का तांडव, हॉली क्रॉस मिशन हॉस्पिटल समेत कई जगहों की बाउंड्रीवाल तोड़ा, नगर में दहशत का माहौल
11/10/2026
जशपुर/कुनकुरी।
जशपुर जिले के कुनकुरी नगर में एक जंगली दंतैल हाथी के प्रवेश से लोगों में दहशत का माहौल है। झुंड से बिछड़कर रिहायशी इलाके में पहुंचे हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हॉली क्रॉस मिशन हॉस्पिटल समेत कई जगहों की बाउंड्रीवाल तोड़ दी, चर्च के भीतर परिसर में घुस गया। नगर के रिहायशी क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी की खबर फैलते ही लोगों की भीड़ जुटने लगी। वहीं, स्थिति को देखते हुए वन विभाग का अमला हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
झुंड से बिछड़कर रिहायशी इलाके में पहुंचा दंतैल
जानकारी के अनुसार, झुंड से बिछड़ा एक जंगली दंतैल हाथी कुनकुरी नगर के रिहायशी इलाके में पहुंच गया। नगर के भीतर हाथी की मौजूदगी से लोगों में भय और चिंता का माहौल बन गया। हाथी ने अपने रास्ते में आने वाली कई जगहों की बाउंड्रीवाल को क्षतिग्रस्त कर दिया। इनमें हॉली क्रॉस मिशन हॉस्पिटल, चर्च गेट की बाउंड्रीवाल भी शामिल है।
रिहायशी क्षेत्र में हाथी के विचरण की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में हलचल मच गई। हाथी को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जुटने लगी, जिससे स्थिति को लेकर सतर्कता बरतना जरूरी हो गया है।
लोयोला कॉलेज के आगे नर्सरी परिसर में मौजूद है हाथी
फिलहाल जंगली दंतैल हाथी लोयोला कॉलेज के आगे स्थित नर्सरी परिसर में मौजूद है। वन विभाग की टीम हाथी के मूवमेंट पर नजर रख रही है। हाथी की गतिविधियों को देखते हुए क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है।
जंगली हाथी का रिहायशी इलाके में पहुंचना लोगों के लिए खतरे की स्थिति पैदा कर सकता है। ऐसे में जरूरी है कि लोग हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उसके आसपास जाने से बचें।
नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने की लोगों से अपील
कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि उनके घर के सामने होलीक्रॉस हॉस्पिटल के बाउंड्री वाल को तोड़ा, जिसका लाइव वीडियो बनाकर उन्होंने वायरल कर दिया। जिसे देखते ही लोगों में दहशत का माहौल बन गया और नगर की पूरी भीड़ हाथी देखने के लिए उमड़ पड़ी।
उसके बाद वह हाथी चर्च की ओर जाते हुए दिखा और चर्च परिसर के भीतर चला गया और फिर चर्च से बाहर निकलकर बड़े गेट के पास एक और बाउंड्री वाल को तोड़ते हुए लोयोला कालेज की ओर चला गया।
इस दौरान विनयशील ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति हाथी के करीब जाकर फोटो या वीडियो बनाने की कोशिश न करे। हाथी को देखने के लिए उसके आसपास भीड़ न लगाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
वन विभाग की गतिविधियों पर नजर, लोगों से सतर्क रहने की अपील
कुनकुरी रेंज अफसर सुरेन्द्र होता ने बताया कुनकुरी नगर में दंतैल हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग का अमला लगातार उसके मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है। स्थानीय लोगों से लगातार अपील की जा रही है कि वे अफवाहों से बचें, अनावश्यक भीड़ न लगाएं और वन विभाग के निर्देशों का पालन करें। हाथी को देखने के लिए उसके आसपास भीड़ न लगाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। साथ ही पास में जाकर फोटो विडियो बनाने की कोशिश न करें। चूंकि अक्सर जंगली हाथियों की गतिविधियों को मोबाइल में कैद करने के प्रयास में लोग उनके काफी करीब पहुंच जाते हैं। ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। हाथी अचानक आक्रामक हो सकता है या अपनी दिशा बदल सकता है, जिससे लोगों की जान को खतरा हो सकता है।
फिलहाल सभी की नजर हाथी की गतिविधियों पर बनी हुई है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए सबसे जरूरी है कि हाथी के आसपास जाने, उसका रास्ता रोकने या उसे परेशान करने से बचा जाए।