कुनकुरी। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ० लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में सड़क सुरक्षा को लेकर जशपुर जिले भर की पुलिस द्वारा लगातार की जा रही जागरूकता का महत्व एक बार फिर सामने आया है।
हेलमेट पहनकर बाइक चलाने के कारण सड़क हादसे में एक युवक की जान बच गई। हादसे में युवक के बाएं हाथ की कलाई टूट गई, लेकिन हेलमेट पहने होने से सिर में गंभीर चोट लगने से बचाव हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले के गड़ला निवासी जय लखन राम चौहान, पिता कुरुश राम चौहान, चौकी डोकड़ा क्षेत्र के निवासी हैं। दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को कुनकुरी से अपने घर लौटते समय कुंजारा हाईस्कूल से पहले पीछे से आ रहे एक मोटरसाइकिल चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में जय लखन राम चौहान के बाएं हाथ की कलाई टूट गई।
इस हादसे में हेलमेट पहनना उनके लिए सुरक्षा कवच साबित हुआ। यदि उन्होंने हेलमेट नहीं पहना होता, तो सिर में गंभीर चोट लगने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
पुलिस की अपील को नजरअंदाज न करें,
हेलमेट जरूर पहनें तब ही गाड़ी चलाएं।
पुलिस द्वारा लगातार वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर बाइक चलाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाता है। यह घटना बताती है कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि दुर्घटना के समय जीवन बचाने वाला सुरक्षा कवच है।
सड़क पर आपकी एक छोटी-सी सावधानी, आपके परिवार की बड़ी चिंता दूर कर सकती है। बाइक चलाते समय हमेशा ISI मार्क वाला हेलमेट पहनें और यातायात नियमों का पालन करें।