दिनांक: 31 अक्टूबर 2026
जशपुर जिले के पत्थलगांव से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है! पत्थलगांव नगर पालिका में प्रभारी CMO मोहम्मद जावेद खान के खिलाफ उठे विरोध के बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। खबर चलने के बाद अब प्रभारी CMO मोहम्मद जावेद खान का पत्थलगांव से तबादला कर दिया गया है। उन्हें कोतबा नगर पंचायत की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं, कोतबा नगर पंचायत में पदस्थ CMO ठुनु राम यादव को पत्थलगांव नगर पालिका में स्थानांतरित किया गया है। इस प्रशासनिक बदलाव के बाद नगर पालिका में हलचल तेज हो गई है।
अध्यक्ष के साथ पार्षदों ने खोला था मोर्चा!
गौरतलब है कि पत्थलगांव नगर पालिका अध्यक्ष संगीता सुदर्शन सिंह सहित अधिकांश पार्षदों ने प्रभारी CMO मोहम्मद जावेद खान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखा था। जनप्रतिनिधियों ने नगर की सफाई व्यवस्था, पेयजल संकट, विकास कार्यों की धीमी गति और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
अध्यक्ष और पार्षदों ने प्रभारी CMO को पत्थलगांव से हटाने की मांग की थी। उनकी शिकायत के बाद यह मामला सुर्खियों में आया और अब नगर पालिका में प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है। पत्थलगांव नगर पालिका में लंबे समय से चल रही खींचतान के बीच CMO का तबादला हो गया।
फिलहाल, सबसे बड़ा सवाल यही है कि नए CMO के आने के बाद पत्थलगांव नगर पालिका की व्यवस्था में कितना सुधार होता है। क्या नगरवासियों की समस्याओं का समाधान के साथ विकास कार्यों में तेजी हो पाएगा?