नशे के खिलाफ युवाओं की हुंकार! साइकिलों पर निकले NSS के स्वयंसेवक, मनोरा में गूंजा नशामुक्त भारत का संदेश,, नशा मुक्त युवा, विकसित भारत के संकल्प के साथ मनोरा में जागरूकता रैली और साइक्लोथॉन का आयोजन, युवाओं ने नशे से दूर रहने का दिया संदेश।

लोकेशन- मनोरा, जशपुर


मनोरा। नशे के खिलाफ अब युवाओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर रोक लगाने और समाज को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ जशपुर जिले के मनोरा में युवाओं ने साइकिलों पर सवार होकर जागरूकता की हुंकार भरी। मौका था पीएम श्री सेजेस मनोरा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई एवं मय भारत युवा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नशा मुक्ति जागरूकता रैली एवं साइक्लोथॉन का। इस आयोजन के जरिए युवाओं ने साफ संदेश दिया कि नशे से दूरी ही बेहतर जिंदगी और विकसित भारत की पहली सीढ़ी है।


कार्यक्रम का आयोजन शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा सिंह तथा ग्राम पंचायत मनोरा के सरपंच श्री शिवनंदन भगत की उपस्थिति में किया गया। वहीं विद्यालय के प्राचार्य श्री संशोधन मिंज एवं मुक्ति प्रकाश एक्का के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

साइक्लोथॉन के माध्यम से स्वयंसेवकों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया। इसके बाद मनोरा बस्ती में जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को शराब, तंबाकू, गुटखा सहित अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।


रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने विभिन्न नारों और संदेशों के माध्यम से युवाओं से नशे की गिरफ्त में आने के बजाय खेलकूद, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने और एक स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प भी दिलाया।

इस अवसर पर NSS कार्यक्रम अधिकारी श्री शिवचरण भगत, श्री विकास प्रधान, श्री मुक्तेश्वर राम, श्रीमती मीनाक्षी श्रीवास्तव, श्रीमती नूतन साहू, श्रीमती हेमलता तिग्गा, श्री शिवानंद बघेल एवं श्री सतीश तिग्गा सहित मय भारत युवा के श्री हेमराज सिंह एवं श्री संजीव भगत की सक्रिय सहभागिता रही। अभियान को सफल बनाने में ग्राम पंचायत सचिव श्री विष्णु सिंह एवं ग्रामीणों का भी सराहनीय सहयोग रहा।

युवाओं की इस पहल ने दिया बड़ा संदेश

मनोरा में आयोजित इस जागरूकता अभियान ने यह संदेश दिया कि यदि युवा शक्ति ठान ले तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाना संभव है। नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध भारत की मजबूत नींव हैं। जरूरत है कि समाज का हर वर्ग इस मुहिम से जुड़े और नशे के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद करे।

संकल्प – नशा मुक्त युवा, विकसित भारत; स्वस्थ युवा, समृद्ध भारत।

Post a Comment

Previous Post Next Post