जशपुर में बिजली व्यवस्था को मिलेगी नई ताकत! तीन नए 33/11 केवी सब स्टेशन को मिली मंजूरी, इन सब गांवों को होगा बड़ा फायदा

पुतरीचोरा, गड़ाकाटा और बागबहार में बनेंगे नए विद्युत सब स्टेशन, लो-वोल्टेज और बिजली की बार-बार होने वाली समस्या से मिलेगी राहत

14/11/2026

जशपुरनगर। जशपुर जिले में विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में तीन नए 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत पुतरीचोरा, गड़ाकाटा और बागबहार में नए विद्युत सब स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा।

इन तीनों सब स्टेशनों के स्थापित होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग और बार-बार बिजली बाधित होने जैसी समस्याओं का सामना कर रहे ग्रामीणों को राहत मिलेगी। वहीं घरेलू उपभोक्ताओं के साथ किसानों, व्यापारियों और छोटे उद्योगों को भी बेहतर बिजली सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

तीन नए सब स्टेशन से ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगी राहत

पुतरीचोरा, गड़ाकाटा और बागबहार में नए 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशन स्थापित होने से संबंधित क्षेत्रों में बिजली वितरण व्यवस्था अधिक सुचारु होगी। इससे बिजली आपूर्ति का दबाव कम करने और वोल्टेज में सुधार करने में मदद मिलेगी।

बेहतर विद्युत आपूर्ति से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्यों, पेयजल व्यवस्था, घरेलू जरूरतों और छोटे व्यवसायों को भी सहूलियत मिलेगी। विद्युत अधोसंरचना के इस विस्तार को जिले के ग्रामीण विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

जशपुर में बड़े विद्युत केंद्रों से गांवों तक बिछ रहा बिजली सुविधाओं का नेटवर्क

जशपुर जिले में विद्युत अधोसंरचना के विस्तार के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में हर्राडांड में प्रदेश के पांचवें 400/200 केवी विद्युत केंद्र की स्थापना की दिशा में काम किया जा रहा है।

इसके अलावा बगीचा में 132 केवी विद्युत केंद्र तथा फरसाबहार में 132 केवी विद्युत केंद्र की स्वीकृति भी मिल चुकी है। वहीं जिले के सालियाटोली, विपतपुर, भगोरा, समडमा, मैनी, रेडे, पालीडीह, खूंटेरा और चेटबा में भी 33/11 केवी विद्युत सब स्टेशनों की स्वीकृति दी जा चुकी है।

इस तरह बड़े विद्युत केंद्रों से लेकर ग्रामीण अंचलों तक बिजली नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में लगातार विस्तार किया जा रहा है।

किसानों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा

नए विद्युत सब स्टेशनों के निर्माण से बिजली वितरण प्रणाली की क्षमता बढ़ेगी। इसका सीधा लाभ ग्रामीण उपभोक्ताओं को मिलने की उम्मीद है। किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर बिजली सुविधा मिलेगी, वहीं छोटे व्यापारियों और व्यवसायियों को भी बिजली संबंधी परेशानियों से राहत मिल सकती है।

जिले में विद्युत अधोसंरचना के लगातार विस्तार से आने वाले समय में बिजली आपूर्ति व्यवस्था और मजबूत होने की संभावना है।

तीन नए विद्युत सब स्टेशनों की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के नागरिकों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जिले में विद्युत सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post