कल से थमेगी गाड़ियों की रफ्तार! जशपुर में ड्राइवर संघ का बड़ा ऐलान, आज समझाइश देकर छोड़े वाहन, कल से अनिश्चितकालीन हड़ताल, जिलाध्यक्ष फिरन यादव।

जशपुर। अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। जशपुर जिले में ड्राइवर संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आज जिलेभर में अभियान चलाकर वाहन चालकों को अनिश्चितकालीन स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन की जानकारी दी। इस दौरान वाहन चालकों को समझाइश देकर गाड़ियां रवाना की गईं, साथ ही कल यानी 13 नवंबर से पूरी तरह स्टेयरिंग छोड़कर हड़ताल में शामिल होने की अपील की गई।


ड्राइवर महासंगठन के अनुसार, लंबे समय से ड्राइवरों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से संगठन ने आंदोलन का रास्ता अपनाया है।

तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन

ड्राइवर महासंगठन ने शासन के सामने मुख्य रूप से तीन मांगें रखी हैं। इनमें ड्राइवरों की समस्याओं के समाधान के लिए ड्राइवर आयोग का गठन, ड्राइवरों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण के लिए ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड का गठन तथा वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करना शामिल है।


संगठन का कहना है कि ड्राइवर दिन-रात सड़कों पर अपनी सेवाएं देते हैं, लेकिन दुर्घटना, आर्थिक संकट और कानूनी परेशानियों के समय उन्हें और उनके परिवारों को पर्याप्त सहायता नहीं मिल पाती। ऐसे में ड्राइवरों के भविष्य और सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था जरूरी है।

आज समझाइश, कल से पूरी तरह स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन

संगठन ने आज जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में वाहन चालकों से संपर्क कर उन्हें आंदोलन की जानकारी दी और शांतिपूर्ण तरीके से हड़ताल में शामिल होने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि 12 नवंबर तक शासन की ओर से मांगों पर कोई ठोस और लिखित निर्णय नहीं लिया जाता है, तो 13 नवंबर से अनिश्चितकालीन स्टेयरिंग छोड़ो आंदोलन शुरू किया जाएगा।


अब देखना होगा कि ड्राइवर महासंगठन की इस चेतावनी के बाद शासन-प्रशासन की ओर से क्या पहल की जाती है और क्या ड्राइवरों की मांगों पर कोई ठोस निर्णय लिया जाता है।

फिलहाल जशपुर जिले में ड्राइवरों के आंदोलन को लेकर हलचल तेज हो गई है। कल से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल का असर जिले की परिवहन व्यवस्था पर भी पड़ सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post