कुनकुरी - स्कूल में गूंजा लोकतंत्र का नारा ! बच्चों ने खुद चुनी अपनी सरकार, मतदान कर किया बाल संसद का गठन।

पंडरीपानी में बाल संसद चुनाव उत्साह के साथ संपन्न, चुनाव चिह्न बनाकर मांगे वोट; अब विद्यार्थी संभालेंगे विद्यालय की व्यवस्था और जिम्मेदारियां


पंडरीपानी (संकुल ढोड़ीढांड), 20 नवंबर 2026

कुनकुरी - शिक्षा के मंदिर में लोकतंत्र की पाठशाला सजी और नन्हे मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर अपनी सरकार चुन ली। कुनकुरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला पंडरीपानी में बाल संसद का चुनाव उत्साह, उमंग और लोकतांत्रिक माहौल के बीच संपन्न हुआ। इस चुनाव में बच्चों ने न केवल मतदान की प्रक्रिया को करीब से समझा, बल्कि चुनाव प्रचार से लेकर प्रतिनिधियों के चयन तक की हर जिम्मेदारी को बखूबी निभाया।

चुनाव चिह्न बनाकर मैदान में उतरे नन्हे प्रत्याशी, सहपाठियों से मांगे वोट

बाल संसद चुनाव से एक दिन पहले ही विद्यालय में चुनावी सरगर्मी शुरू हो गई थी। बच्चों ने अपने-अपने चुनाव चिह्न तैयार किए और सहपाठियों के बीच पहुंचकर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की। प्रत्याशियों ने जीतने के बाद पढ़ाई में एक-दूसरे की मदद करने, विद्यालय की व्यवस्था बेहतर बनाने और सभी बच्चों की समस्याओं को समझने का भरोसा दिलाया।


इसके बाद विद्यालय में विधिवत मतदान प्रक्रिया आयोजित की गई। सभी बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया और अपनी पसंद के प्रतिनिधियों का चयन किया। पूरी प्रक्रिया ने बच्चों को लोकतंत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली से रूबरू कराया।

अब बच्चे खुद संभालेंगे विद्यालय की जिम्मेदारी

बाल संसद का गठन महज पदों का बंटवारा नहीं, बल्कि बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सहयोग, जवाबदेही और निर्णय लेने की समझ विकसित करने की सार्थक पहल है। इसके माध्यम से विद्यार्थी विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों और व्यवस्थाओं में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। बच्चों को जिम्मेदारियों से जोड़कर उनमें स्वच्छता, अनुशासन, आपसी सहयोग और विद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

शिक्षकों ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानपाठक श्रीमती ऊषा तिर्की, शिक्षक श्री संदीप मिंज एवं शिक्षिका श्रीमती ज्योति तिग्गा उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को चुनाव प्रक्रिया में प्रोत्साहित किया तथा बाल संसद के महत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी।


विद्यालय में आयोजित यह पहल इस बात का संदेश देती है कि लोकतंत्र की मजबूत नींव बचपन से ही रखी जाती है। जब बच्चे छोटी उम्र से ही अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझेंगे, तभी वे भविष्य में जागरूक, जिम्मेदार और बेहतर नागरिक बन सकेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post