ऑपरेशन आघात: जशपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, 52 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 20 लाख की संपत्ति जप्त।

DEEPAK VERMA KUNKURI JASHPUR 
07/02/2026

ऑपरेशन आघात: जशपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, 52 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 20 लाख की संपत्ति जप्त।


जशपुर।
नशे के सौदागरों के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन आघात लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इसी कड़ी में चौकी आरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से गांजा तस्करी कर जशपुर ला रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 52 किलो 100 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा और तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार जप्त की है। जप्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई आरा क्षेत्रांतर्गत बोरोझरिया–काशीबंध जंगल में की गई, जहां पुलिस को मुखबिर से गांजा तस्करी की पुख्ता सूचना मिली थी। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान काशीबंध की ओर से आ रही संदिग्ध क्रेटा कार को घेराबंदी कर रोका गया। वाहन में सवार तीन संदिग्धों में से एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दो आरोपियों को पुलिस ने मौके पर दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान
शहरूख शाह (34 वर्ष) और तारिक अंसारी (27 वर्ष), दोनों निवासी जशपुर के रूप में हुई।

वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की डिग्गी में प्लास्टिक पैकेटों में भरा 52 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपियों ने पूछताछ में गांजा को उड़ीसा से लाकर जशपुर में बिक्री करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं फरार तीसरे आरोपी को भी पुलिस ने चिन्हित कर लिया है, जिसकी तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, डीएसपी भावेश समरत, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मोरध्वज देशमुख, चौकी प्रभारी आरा चंद्रप्रकाश त्रिपाठी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट कहा है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post