दीपक वर्मा - कुनकुरी
कुनकुरी में सूने मकान की चोरी का खुलासा, चोर और चोरी का सामान खरीदने वाला गिरफ्तार
जशपुर/कुनकुरी:
कुनकुरी के रेमते रोड मोहल्ले में सूने मकान में हुई चोरी के मामले का जशपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए चोर और चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार 9 मार्च 2026 को रेमते रोड निवासी राकेश कुमार साव ने थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके बड़े पिताजी रामविलास प्रसाद इलाज के लिए रांची में रह रहे थे और घर बंद था। जब वे रांची से वापस लौटे तो मकान का ताला टूटा मिला और अलमारी से सोने के कान के टॉप्स, एक जोड़ी चांदी की पायल, पांच नग चांदी की साठी तथा करीब डेढ़ हजार रुपये चोरी हो चुके थे।
मामले की रिपोर्ट पर कुनकुरी थाना में बीएनएस की धारा 331(4), 305(क) और 317(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तुरी बस्ती निवासी साहिल चौहान उर्फ मंटू अचानक ज्यादा पैसे खर्च कर रहा है। संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसने चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बजरंग नगर निवासी दिवाकर ताम्रकार को 20 हजार रुपये में बेच दिए थे। पुलिस ने खरीदार दिवाकर ताम्रकार को भी हिरासत में लेकर उसके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी की निशानदेही पर घर का ताला और अलमारी तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी साहिल चौहान (22) निवासी तुरी बस्ती कुनकुरी और दिवाकर ताम्रकार (28) निवासी बजरंग नगर कुनकुरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार यादव, एएसआई ईश्वर वारले, प्रधान आरक्षक ढलेश्वर यादव, नंदलाल यादव और लियोन कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।