बगीचा के पार्षद एल.आर. चौहान बने अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष”

भाजपा का बड़ा दांव :- बगीचा के पार्षद एल.आर. चौहान बने अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष”

"पुलिस विभाग में लंबे अनुभव और सामाजिक पकड़ के चलते पार्टी ने सौंपी अहम जिम्मेदारी"

जशपुर। आगामी चुनावों को देखते हुए भाजपा संगठन को मजबूत करने में जुट गई है। इसी कड़ी में पार्टी ने जिले में अनुसूचित जाति मोर्चा का विस्तार करते हुए बगीचा नगर पंचायत के पार्षद एल.आर. चौहान को जिला उपाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के इस फैसले को संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक समीकरण साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

एल.आर. चौहान लंबे समय तक पुलिस विभाग में थाना प्रभारी के पद पर रहते हुए जिले के कई थाना क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पुलिस सेवा के दौरान उनकी पहचान एक सक्रिय और जमीन से जुड़े अधिकारी के रूप में रही है। समाज के विभिन्न वर्गों में उनकी अच्छी पकड़ और पहचान भी मानी जाती है।

सेवानिवृत्ति के बाद भाजपा ने उन पर भरोसा जताते हुए नगर पंचायत चुनाव में पार्षद का टिकट दिया, जिसमें उन्होंने जीत हासिल की और वर्तमान में पार्षद के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

अब पार्टी ने उनके अनुभव और सामाजिक प्रभाव को देखते हुए उन्हें अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी है। 

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस नियुक्ति के जरिए भाजपा जिले में अनुसूचित जाति वर्ग के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है, जिससे आने वाले विधानसभा चुनाव में संगठन को फायदा मिल सकता है।
Previous Post Next Post