“पुलिस सैलरी पैकेज बना सहारा: दिवंगत आरक्षक के परिवार को 1 करोड़ की बीमा सहायता”
जशपुर। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत जशपुर पुलिस ने दिवंगत आरक्षक के परिवार को बड़ी आर्थिक सहायता प्रदान की है, रक्षित केंद्र जशपुर में पदस्थ रहे स्वर्गीय आरक्षक रमेश बड़ा के निधन के बाद उनकी पत्नी सोलमा बाई को भारतीय स्टेट बैंक के माध्यम से 1 करोड़ रुपये की जीवन बीमा सहायता राशि प्रदान की गई।
जानकारी के अनुसार स्व. रमेश बड़ा की 6 अगस्त 2025 को एक दुर्घटना में आकस्मिक मृत्यु हो गई थी। उस समय वे रक्षित केंद्र जशपुर में पदस्थ थे। उन्होंने 8 जनवरी 1995 को अविभाजित मध्यप्रदेश के गुना जिले से आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा की शुरुआत की थी और लंबे समय तक पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दीं।
आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार ने भारतीय स्टेट बैंक जशपुर के मुख्य प्रबंधक समीर कुमार और बैंक अधिकारियों की उपस्थिति में दिवंगत आरक्षक की पत्नी सोलमा बाई व उनके परिजनों को 1 करोड़ रुपये का चेक सौंपा।
इस दौरान पुलिस व बैंक अधिकारियों ने परिजनों को प्राप्त राशि के सुरक्षित और सही उपयोग के बारे में जानकारी दी तथा फंड मैनेजमेंट को लेकर भी मार्गदर्शन दिया, ताकि भविष्य में इस राशि का समुचित उपयोग हो सके।
इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना पुलिस परिवारों के लिए सुरक्षा कवच की तरह है। योजना के तहत ड्यूटी के दौरान या दुर्घटना में मृत्यु होने पर नामांकित सदस्य को 1 करोड़ रुपये तक का बीमा कवर, जबकि सामान्य मृत्यु की स्थिति में 10 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपील की कि वे अपने वेतन खाते को एसबीआई के पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत पंजीकृत रखें और नामांकन की जानकारी समय-समय पर अपडेट करते रहें, ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में उनके परिवार को योजना का पूरा लाभ मिल सके।