कुनकुरी के कबीर आश्रम को मिला सामुदायिक वन अधिकार, CM विष्णु देव साय ने सौंपे अधिकार पत्र
जशपुर | 27 मार्च 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज अपने कैम्प कार्यालय बगिया में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुनकुरी विकासखंड के वार्ड सभा कुनकुरी स्थित कबीर आश्रम के सदस्यों को सामुदायिक वन अधिकार पत्र वितरित किए। इस दौरान आश्रम के सदस्यों में खासा उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी डॉ. लाल सिंह उम्मेद सहित अन्य जनप्रतिनिधि और नागरिकगण भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामुदायिक वन अधिकार पत्र प्रदान करने का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय आजीविका को मजबूत करना और जैव विविधता को सुरक्षित रखना है। उन्होंने ग्रामीणों को वनों के संरक्षण और संवर्धन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस पहल के तहत गांव की वन सुरक्षा समितियों को भी सशक्त किया जा रहा है, जिससे वनों को सुरक्षित रखते हुए उन्हें और अधिक समृद्ध बनाया जा सके।
गौरतलब है कि इस तरह के अधिकार पत्रों से ग्रामीणों को वन संसाधनों पर वैधानिक अधिकार मिलता है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।