“संकल्प कुनकुरी के बच्चों ने लहराया परचम: दो छात्रों ने राज्य मेरिट में मारी बाज़ी, जशपुर का बढ़ाया मान”

“संकल्प कुनकुरी के बच्चों ने लहराया परचम: दो छात्रों ने राज्य मेरिट में मारी बाज़ी, जशपुर का बढ़ाया मान”

जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित संकल्प शिक्षण संस्थान ने एक बार फिर अपने उत्कृष्ट परिणामों से जिले का नाम रोशन कर दिया है। वर्ष 2020 में स्थापित इस संस्थान ने लगातार बोर्ड परीक्षाओं में टॉपर्स देकर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। इस वर्ष भी संस्थान के दो होनहार विद्यार्थियों ने राज्य की मेरिट लिस्ट में स्थान बनाकर सफलता की नई कहानी लिखी है।

इस साल जशपुर जिले से कुल पांच विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में जगह बनाई, जिनमें से दो छात्र संकल्प कुनकुरी के हैं। कक्षा 12वीं की छात्रा आर्या पैंकरा ने 96.8% अंक हासिल कर प्रदेश में 8वां स्थान प्राप्त किया। खास बात यह रही कि आर्या ने जीव विज्ञान में शत-प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उनके पिता जयंत कुमार साय शिक्षक हैं, जबकि माता रीना गृहिणी हैं। आर्या का सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है।

वहीं, कक्षा 10वीं के छात्र भूपेश यादव ने 97.5% अंक प्राप्त कर प्रदेश में 10वां स्थान हासिल किया। उन्होंने गणित में 100% अंक लाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनके पिता सरस्वती शिशु मंदिर में शिक्षक हैं और माता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। भूपेश का लक्ष्य सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना है।
संस्थान के प्राचार्य वाई.आर. कैवर्त ने दोनों विद्यार्थियों सहित सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 

बता दें कि इस वर्ष कक्षा 10वीं के 15 और कक्षा 12वीं के 5 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। वहीं, 12वीं में केवल एक छात्र को छोड़कर सभी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। इस शानदार उपलब्धि पर जशपुर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ.लाल उमेद सिंह ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

संकल्प कुनकुरी के होनहार बच्चों को डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने किया सम्मानित

लगातार शानदार प्रदर्शन के साथ “संकल्प कुनकुरी” ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मेहनत, मार्गदर्शन और अनुशासन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post