रिटायरमेंट के दिन ही मिला हक: पत्थलगांव में दो प्रधान पाठकों को तुरंत मिला PPO, सम्मान के साथ विदाई
जशपुर/पत्थलगांव। शिक्षा विभाग में पारदर्शिता और संवेदनशील प्रशासन की मिसाल पेश करते हुए पत्थलगांव विकासखंड में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को अब पेंशन के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है। सेवानिवृत्ति के दिन ही पीपीओ (पेंशन अदायगी आदेश) उपलब्ध कराने की पहल ने कर्मचारियों के बीच खुशी का माहौल बना दिया है।
30 अप्रैल 2026 को सेवानिवृत्त हुए शासकीय माध्यमिक विद्यालय पालीडीह के प्रधान पाठक जानकी प्रसाद कंवर एवं शासकीय माध्यमिक विद्यालय तिलडेगा के प्रधान पाठक प्रताप कुमार गुप्ता को उनकी सेवा निवृत्ति के दिन ही पीपीओ और सभी आवश्यक दस्तावेज सौंप दिए गए।
इस मौके पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी वेदानंद आर्य ने दोनों शिक्षकों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की। कार्यक्रम में कार्यालय स्टाफ की उपस्थिति में उनके लंबे शैक्षणिक योगदान की सराहना भी की गई।
यह सराहनीय पहल संयुक्त संचालक शिक्षा संजय गुप्ता एवं जिला शिक्षा अधिकारी नरेन्द्र सिन्हा के मार्गदर्शन में संभव हो सकी है। उनके निर्देश पर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सेवानिवृत्ति से पहले ही सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली जाएं, ताकि शिक्षकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कर्मचारियों ने इस व्यवस्था की जमकर सराहना करते हुए कहा कि इससे रिटायरमेंट के बाद पेंशन प्रक्रिया में होने वाली देरी और दिक्कतों से राहत मिलेगी।
देखा जाए तो पत्थलगांव शिक्षा विभाग की यह पहल अब एक मॉडल व्यवस्था बनती नजर आ रही है, जो अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणादायक साबित हो सकती है।