TET अनिवार्यता के खिलाफ दिल्ली कूच, जशपुर के शिक्षक हुए एकजुट, सौंपे ज्ञापन।
जशपुर | दुलदुला, 01 अप्रैल 2026
टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (TFI) छत्तीसगढ़ के आह्वान पर जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड के शिक्षक 04 अप्रैल 2026 को राजधानी दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय आंदोलन में शामिल होने जा रहे हैं। इस संबंध में तहसीलदार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं थाना प्रभारी को सूचना पत्र सौंपा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टीईटी (TET) की अनिवार्यता के विरोध में देशभर के शिक्षक संगठनों द्वारा दिल्ली में बड़ा आंदोलन और धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में दुलदुला विकासखंड के समस्त शिक्षक संवर्ग के कर्मचारी भी अपनी न्यायोचित मांगों के समर्थन में एकजुट होकर इस आंदोलन में भाग लेंगे।
शिक्षकों ने 04 अप्रैल 2026 को एक दिन का आकस्मिक अवकाश लेकर दिल्ली प्रस्थान करने का निर्णय लिया है। संगठन का कहना है कि TET अनिवार्यता से बड़ी संख्या में कार्यरत शिक्षकों के भविष्य पर असर पड़ रहा है, जिसे लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है।
शिक्षकों ने प्रशासन को पूर्व सूचना देते हुए अपने आंदोलन में शामिल होने की जानकारी दी है और उम्मीद जताई है कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी।
अब देखना होगा कि इस राष्ट्रीय स्तर के आंदोलन का सरकार पर कितना असर पड़ता है और शिक्षकों की मांगों पर क्या निर्णय लिया जाता है।