मन की बात में गूंजी भारतीय एथलेटिक्स की धमक, पीएम मोदी ने रिकॉर्ड तोड़ धावकों को किया सलाम, 100 मीटर दौड़ में लगातार टूट रहे राष्ट्रीय रिकॉर्ड का किया जिक्र, गुरिंदरवीर सिंह और लोधमा (घुईटांगर) के अनिमेष कुजूर से फोन पर की बात
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड में देश के खिलाड़ियों और खेल उपलब्धियों को प्रमुखता से स्थान दिया। उन्होंने हाल ही में झारखंड के रांची में आयोजित नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता का उल्लेख करते हुए भारतीय एथलेटिक्स के शानदार प्रदर्शन की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान चार अलग-अलग स्पर्धाओं में चार राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटे, जो भारतीय खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने गुरिंदरवीर सिंह, विशाल टोके, तेजस शंकर, देव मीणा और कुलदीप कुमार जैसे खिलाड़ियों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन एथलीटों ने अपने-अपने खेल में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
पीएम मोदी ने विशेष रूप से पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का जिक्र करते हुए कहा कि महज दो दिनों के भीतर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन बार टूटा, जो भारतीय एथलेटिक्स के बढ़ते स्तर को दर्शाता है। इस उपलब्धि पर उन्होंने स्टार धावकों गुरिंदरवीर सिंह और लोधमा (घुईटांगर) के अनिमेष कुजूर से सीधे फोन पर बातचीत कर उन्हें बधाई दी।
प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने संगीत में जुगलबंदी तो बहुत देखी थी, लेकिन अब ट्रैक पर भी अनोखी जुगलबंदी देखने को मिल रही है, जहां एक खिलाड़ी रिकॉर्ड बनाता है और दूसरा उसे तुरंत पीछे छोड़ देता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन देश के युवाओं को प्रेरित करेगा और आने वाले समय में भारत वैश्विक खेल मंच पर और अधिक मजबूती से अपनी पहचान बनाएगा।
स्लग: मन की बात में भारतीय एथलेटिक्स का जलवा, पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को सराहा