जशपुर/दुलदुला - "25 वर्षों की निष्कलंक सेवा के बाद नायब तहसीलदार रामसेवक पैकरा सेवानिवृत्त, जन्मदिन पर मिला भावुक विदाई एवं सेवा को सम्मान"
जशपुर / दुलदुला, 30 मई। दुलदुला के नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट रामसेवक पैकरा शनिवार को अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण करने के पश्चात शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। विशेष संयोग यह रहा कि सेवानिवृत्ति के दिन ही उनका जन्मदिन भी था, जिससे यह अवसर और भी यादगार बन गया।
इस अवसर पर उनके निवास दुलदुला में जन्मोत्सव एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट राहुल कौशिक, राजस्व निरीक्षक मिखैल एक्का, आरईओ बर्मन, इंद्रपाल पटेल, निषाद, छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष एवं जिला सचिव छत्तीसगढ़ लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ नेहरू सोनी सहित राजस्व विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस दौरान समारोह में वक्ताओं ने श्री पैकरा के सेवा जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने पटवारी, राजस्व निरीक्षक और नायब तहसीलदार जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए लगभग 25 वर्षों तक ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ शासकीय सेवाएं प्रदान कीं। उनके अनुभव, कार्यशैली और सरल स्वभाव से विभाग को हमेशा लाभ मिला।
तहसीलदार राहुल कौशिक ने कहा कि श्री पैकरा अपने पूरे सेवाकाल में विनम्रता, सादगी और सकारात्मक कार्यशैली के लिए पहचाने जाते रहे। उन्होंने सहकर्मियों, अधिकारियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों के साथ हमेशा सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखा, जो सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
विदाई समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारी-कर्मचारी भावुक नजर आए। सभी ने श्री पैकरा को जन्मदिन एवं सेवानिवृत्ति की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सफल एवं दीर्घायु जीवन की कामना की तथा भविष्य में भी उनके मार्गदर्शन की अपेक्षा जताई।