जशपुर पुलिस की अनोखी पहल : 2500 "पुलिस मितान" बनेंगे जनता और पुलिस के बीच मजबूत कड़ी, डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने किया शुभारंभ

जशपुर पुलिस की अनोखी पहल : 2500 "पुलिस मितान" बनेंगे जनता और पुलिस के बीच मजबूत कड़ी, डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने किया शुभारंभ

जशपुर। सामुदायिक पुलिसिंग को नई दिशा देते हुए जशपुर पुलिस ने एक अभिनव पहल की शुरुआत की है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले की बहुउद्देशीय योजना “पुलिस मितान” का औपचारिक शुभारंभ किया। इस पहल के तहत जिले भर से 2500 स्वयंसेवकों को पुलिस से जोड़ा गया है।

चरित्र सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित स्वयंसेवकों को पहचान पत्र जारी किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, पुलिस मितान, पत्रकार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

सड़क सुरक्षा से सामाजिक जागरूकता तक निभाएंगे अहम भूमिका

जशपुर पुलिस की यह योजना केवल पुलिस सहायता तक सीमित नहीं होगी, बल्कि सामाजिक जागरूकता का एक बड़ा अभियान बनेगी। पुलिस मितानों को सड़क सुरक्षा, प्राथमिक उपचार, यातायात नियमों और जनसहायता से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद ये स्वयंसेवक गांव-गांव जाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे।

इसके साथ ही नशाखोरी, टोनही प्रताड़ना, मानव तस्करी और अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी लोगों के बीच जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि "पुलिस मितान केवल एक नाम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी का मजबूत माध्यम है। हम सभी मिलकर सुरक्षित और समृद्ध जशपुर के निर्माण की दिशा में कार्य करेंगे।"

जशपुर पुलिस का मानना है कि समाज की भागीदारी से अपराध नियंत्रण और सामाजिक सुधार के प्रयास और अधिक प्रभावी होंगे। योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित, सभ्य एवं समृद्ध समाज का निर्माण करना है।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री राकेश कुमार पाटनवार, एस डी ओ पी जशपुर चंद्रशेखर परमा, डी एस पी ट्रैफिक कुंजराम चौहान, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पुलिस मितान, पत्रकार बंधु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस मितानों ने समाजहित में कार्य करने का संकल्प भी लिया।  

Post a Comment

Previous Post Next Post