प्रेम प्रसंग का खूनी अंत: युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, पति समेत तीन गिरफ्तार

प्रेम प्रसंग का खूनी अंत: युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, पति समेत सहित तीन गिरफ्तार

जशपुर/पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामजुनवानी में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक को पकड़कर पहले मारपीट की और फिर उसके सिर पर भारी पत्थर पटककर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी का माहौल है।

तीन वर्षों से चल रहा था प्रेम संबंध

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक सुशील खलखो (34 वर्ष) निवासी जामजुनवानी खारपारा का गांव की एक विवाहित महिला के साथ पिछले लगभग तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। महिला का पति इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था। बताया जा रहा है कि महिला कई बार पति का घर छोड़कर मृतक के साथ रहने चली गई थी, जिससे दोनों परिवारों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था।

जानकारी के मुताबिक इस मामले को लेकर गांव में पूर्व में सामाजिक बैठक भी आयोजित की गई थी, जहां दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन विवाद खत्म नहीं हो सका।

पहले भी दर्ज हो चुका था मामला

पुलिस के अनुसार आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी सरिता एक्का ने पूर्व में मृतक सुशील खलखो के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था। जेल से रिहा होने के बाद भी दोनों के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ।

घर के आंगन में की गई हत्या

बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 11 बजे मृतक सुशील खलखो अपने घर के आंगन में मौजूद था। इसी दौरान आरोपी जयलाल एक्का, जसमन एक्का और एक नाबालिग वहां पहुंचे और उस पर हमला कर दिया।

आरोप है कि युवक को पहले पकड़कर बेरहमी से मारपीट की गई और फिर उसके सिर पर भारी पत्थर पटक दिया गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शव घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।

एफएसएल और पुलिस टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पूछताछ, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और ग्रामीणों के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली। जांच में प्रेम प्रसंग को हत्या का मुख्य कारण माना गया है।

पति समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में जयलाल एक्का (34 वर्ष), जसमन एक्का (38 वर्ष) तथा एक अन्य नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।


                ध्रुवेश जायसवाल एसडीओपी 

पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या की गई है। मामले में नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
वहीं आरोपी जयलाल एक्का ने पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी और मृतक के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। कई बार समझाइश देने के बाद भी युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया, जिससे आक्रोशित होकर वारदात को अंजाम दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post