“सरकारी स्कूल बना उत्कृष्ट शिक्षा का केंद्र” दास डुमरटोली प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश शुरू, आधुनिक शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से संवर रहा बच्चों का भविष्य"

“सरकारी स्कूल बना उत्कृष्ट शिक्षा का केंद्र”
दास डुमरटोली प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश शुरू, आधुनिक शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से संवर रहा बच्चों का भविष्य

जशपुर। जशपुर जिले के सन्ना रोड स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय दास डुमरटोली में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे समय पर अपने बच्चों का पंजीयन कराएं। इस वर्ष विद्यालय में विभिन्न कक्षाओं में कुल 171 सीटें रिक्त हैं।

विद्यालय के शिक्षक मुकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा पहली में 40, कक्षा दूसरी में 30, कक्षा तीसरी में 30, कक्षा चौथी में 30 तथा कक्षा पांचवीं में 36 सीटें उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय में नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण हिंदी माध्यम शिक्षा दी जा रही है और विद्यालय लगातार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।

विद्यालय में शासन द्वारा संचालित सभी सुविधाएं विद्यार्थियों को निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें मुफ्त यूनिफॉर्म, मध्यान भोजन, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग की छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति, मिलेट बार बिस्कुट तथा विभिन्न खेल सामग्री शामिल हैं।

विद्यालय केवल पुस्तकीय शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यार्थियों के लिए इंग्लिश स्पोकन क्लास, योग शिक्षा, वैदिक गणित तथा नवोदय, सैनिक विद्यालय, एकलव्य और जवाहर उत्कर्ष जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की विशेष तैयारी भी कराई जाती है।

विद्यालय में प्रत्येक शनिवार को “बैगलेस डे” आयोजित किया जाता है, जिसमें बच्चों के व्यक्तित्व विकास के लिए हस्तशिल्प, पताशिल्प, आर्ट एंड क्राफ्ट, पेपर बैग निर्माण, वेस्ट टू बेस्ट तथा मिट्टी के खिलौने बनाने जैसी रचनात्मक गतिविधियां कराई जाती हैं। इन गतिविधियों से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और व्यवहारिक कौशल का विकास हो रहा है।

विद्यालय की प्रधान पाठिका फिरदौस खानम ने बताया कि विद्यालय में प्रशिक्षित एवं अनुभवी शिक्षक पदस्थ हैं, जो बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल पढ़ाई कराना नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना है।

प्रधान पाठिका ने अभिभावकों से अपने बच्चों का प्रवेश विद्यालय में कराने की अपील करते हुए कहा कि यहां पूर्णतः निःशुल्क एवं संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए अभिभावक मोबाइल नंबर 6263793075 पर संपर्क कर सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post