कुनकुरी - दशकर्म की खरीदारी कर लौट रहे पति - पत्नी की दर्दनाक मौत: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार को मारा जोरदार टक्कर, परिवार में पसरा मातम
कुनकुरी/जशपुर। जशपुर जिले के कुनकुरी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। दशकर्म के लिए खरीदारी कर घर लौट रहे दंपति की स्कूटी को तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, जामचुंआ घुटराटोली निवासी चार्लेस एक्का अपनी पत्नी सेलेस्टिना एक्का के साथ गुरुवार 14 मई को अपने ससुर के दशकर्म कार्यक्रम के लिए आवश्यक सामान खरीदने कुनकुरी गए थे। दोनों स्कूटी क्रमांक CG 14 MH 7635 से दोपहर करीब 12 बजे घर से निकले थे। खरीदारी पूरी करने के बाद वे वापस अपने गांव लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि दोपहर लगभग 2 बजे जब दंपति गिनाबहार-सेमर मोड़ के पास पहुंचे, तभी नारायणपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो क्रमांक JH 01 DH 6085 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चार्लेस एक्का और उनकी पत्नी स्कूटी सहित सड़क पर जा गिरे। हादसे में चार्लेस एक्का के सिर, दोनों पैर और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सेलेस्टिना एक्का को सिर, सीने और पैर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद घायल महिला को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से होलीक्रास अस्पताल कुनकुरी लाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। लेकिन गंभीर चोटों के कारण शाम करीब 5 बजे उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी और परिजनों द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। शिकायत में स्कॉर्पियो चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की एक साथ मौत से गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
खुशी और पारिवारिक जिम्मेदारी के लिए निकला दंपति का यह सफर एक दर्दनाक हादसे में बदल गया।