जशपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: 1200 से ज्यादा नशीले इंजेक्शन के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, झारखंड से अंबिकापुर तक फैला था नेटवर्क, पुलिस मितान की मदद से जंगल में घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी, करीब 4 लाख रुपये का माल जब्त।

जशपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: 1200 से ज्यादा नशीले इंजेक्शन के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, झारखंड से अंबिकापुर तक फैला था नेटवर्क 

पुलिस मितान की मदद से जंगल में घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी, करीब 4 लाख रुपये का माल जब्त।

जशपुर पुलिस को नशे के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। झारखंड से जशपुर होते हुए अंबिकापुर ले जाए जा रहे भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1200 से अधिक नशीले इंजेक्शन, कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल और नकदी समेत लगभग 3 लाख 98 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

मामला जशपुर सिटी कोतवाली क्षेत्र का है। 9 जून की रात पुलिस गश्त के दौरान सारूडीह रोड पर एक संदिग्ध कार को देखकर सतर्क हुई। पुलिस को देखते ही कार सवार जंगल की ओर भागने लगे। पीछा करने पर आरोपी कार छोड़कर ग्राम हाथीसार (किनकेल) के जंगल में छिप गए।

पुलिस मितान टीम की मदद से जंगल में घेराबंदी की गई और कड़ी मशक्कत के बाद तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में दीपक लकड़ा (32 वर्ष), निवासी सिंगीटाना थाना लखनपुर जिला सरगुजा, अमन सिंह (30 वर्ष), निवासी विशुनपुर अंबिकापुर, और आलोक साय (29 वर्ष), निवासी भगवानपुर चौक गांधीनगर अंबिकापुर शामिल हैं।

कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने Rexogesic Buprenorphine Injection और Avill Injection की बड़ी खेप बरामद की।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि नशीले इंजेक्शन झारखंड के गुमला जिले के तिगरा निवासी मो. शमशेर खान (48 वर्ष) से खरीदे गए थे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शमशेर खान को भी गिरफ्तार कर लिया।

वहीं घटना के बाद फरार चल रहे अरूण राम (29 वर्ष), निवासी सुभाष नगर अंबिकापुर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 865 एमएल Rexogesic इंजेक्शन, 1200 शीशी Avill इंजेक्शन, एक कार, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल और 6500 रुपये नकद जब्त किए हैं।

सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ग) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस मितान के सहयोग से यह बड़ी सफलता मिली है और जिले में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

जशपुर पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post