कुनकुरी - मोहर्रम बैठक में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, दोनों ओर से 17 नामजद लोगों पर FIR दर्ज
कुनकुरी। नगर के ईदगाह परिसर में मोहर्रम पर्व की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक उस समय विवाद का केंद्र बन गई, जब दो पक्षों के बीच कहासुनी मारपीट में बदल गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाना कुनकुरी में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
दरअसल यह मामला कुनकुरी डिपाटोली वार्ड क्रमांक 6 का है जहां 09 जून 2026 की रात कुनकुरी ईदगाह में मोहर्रम पर्व को लेकर समाज की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान रूफी खान को सदर नहीं मानने और अन्य मुद्दों को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।
पहला पक्ष: रूफी खान ने 10 लोगों पर लगाया जानलेवा हमला करने का आरोप
रेमते रोड कुनकुरी निवासी रूफी खान ने थाना कुनकुरी में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि बैठक के दौरान उन्हें सदर नहीं मानने की बात को लेकर विवाद हुआ।
शिकायत के अनुसार आरोपी 1. इमरोज अंसारी, 2. जुनैद अहमद, 3. जुबेर, 4. बिक्कू उर्फ फारूख, 5. वरासत हुसैन उर्फ गट्टू, 6. सद्दाम, 7. साहब राही, 8. लक्की आलम, 9. शहजादा राय एवं 10. बोबी ने एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
रूफी खान ने बताया कि शोर शराबा सुनकर उनके बड़े भाई तारिक अनवर उर्फ सुपर, कौशर आलम, शहनवाज आलम, यशर हुसैन, महताब एवं पिंटू मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। घटना में रूफी खान सहित अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
दूसरा पक्ष: इमरोज अंसारी ने 7 लोगों पर लगाया मारपीट और बेल्ट से गला दबाने का आरोप
डीपाटोली निवासी इमरोज अंसारी पिता साहब राही (उम्र 28 वर्ष) ने भी थाना कुनकुरी में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार बैठक के दौरान रात लगभग 9:10 बजे 1. रूफी खान, 2. गोलू खान, 3. सुपर खान, 4. यशर खान, 5. पिंटू (मुनिफ), 6. महताब एवं 7. अंकुर खान
वहां पहुंचे और गाली- गलौज शुरू कर दी।
इमरोज अंसारी का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें गाड़ी चढ़ाने एवं गोली मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और बेल्ट से मारपीट की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि गोलू खान ने बेल्ट से गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी। घटना में इमरोज अंसारी के सीने, कंधे, सिर, हाथ एवं पैर में चोटें आई हैं। बीच-बचाव जुनैद अहमद, सबाब आलम, दिलनवाज आलम, बब्लू उर्फ सहजादा एवं परवेज हयात ने किया।
पुलिस ने किया अपराध दर्ज
DIG एवं SSP डॉ० लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार के दिशा-निर्देश पर एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कराया FIR दर्ज।
कुनकुरी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 191(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
इस दौरान कुनकुरी पुलिस ने शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।