जशपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि: 51 गुम मोबाइल खोजकर लौटाए, मालिकों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
साइबर सेल की मदद से 7.50 लाख रुपये के मोबाइल बरामद, डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने किया वितरण
जशपुर, 23 जून 2026। जशपुर पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन की खोज और वापसी के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 51 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके फोन वापस सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों ने जशपुर पुलिस और साइबर सेल का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन केवल संचार का साधन नहीं, बल्कि व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। मोबाइल गुम होने या गलत हाथों में पड़ने से निजी डेटा, बैंकिंग जानकारी और सोशल मीडिया खातों के दुरुपयोग की आशंका रहती है। इसलिए नागरिकों को मोबाइल सुरक्षा के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना या सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते मोबाइल को ब्लॉक कर उसकी खोज की जा सके। साथ ही उन्होंने यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने की भी अपील की।
जशपुर पुलिस ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के आधार पर विशेष अभियान चलाया गया। साइबर सेल की तकनीकी निगरानी, ट्रैकिंग और विश्लेषण के माध्यम से विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस कार्यवाही में साइबर सेल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, डीएसपी भावेश कुमार समरथ, डीएसपी कुंजराम चौहान, निरीक्षक संत लाल आयाम, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जशपुर पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।