दीपक वर्मा - कुनकुरी
18/06/2026
वनमंडल अधिकारी जशपुर के मार्गदर्शन में कुनकुरी रेंज में चला विशेष अभियान, स्कूली छात्र-छात्राओं, महिला समूहों और वन अमले ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
कुनकुरी। वनमंडल अधिकारी जशपुर के तत्वावधान में प्रकृति संरक्षण एवं हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से "हरित जशपुर बीजारोपण अभियान" का आयोजन किया गया। अभियान के तहत जिले में 2 लाख वनिकी प्रजातियों के बीज बॉल (सीडबॉल) रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
"बीज गोला बनाओ, जशपुर के जंगल बढ़ाओ"
थीम पर आधारित इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, वन क्षेत्र का विस्तार एवं जनसहभागिता के माध्यम से हरित जशपुर के संकल्प को साकार करना है।
अभियान में कुनकुरी रेंज के रेंज अधिकारी सुरेन्द्र होता एवं एसडीओ के मार्गदर्शन में कुनकुरी के सुप्रसिद्ध हनुमान टेकड़ी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से जनपद अध्यक्ष सुशीला साय, भाजपा के पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव, राजकुमार गुप्ता मंडल अध्यक्ष, संकल्प हायर सेकेंडरी स्कूल सलिया टोली, कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल कुनकुरी, हीरा स्व० सहायता समूह कुनकुरी, सहित वन परिक्षेत्र के समस्त स्टाफ एवं अन्य ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।
वहीं कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, महिला समूहों एवं वन विभाग के कर्मचारियों को बीज बॉल निर्माण एवं उनके महत्व की जानकारी दी गई तथा अधिक से अधिक बीज रोपण के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कुनकुरी वन विभाग के रेंज अफसर सुरेन्द्र होता ने बताया कि बीज बॉल तकनीक के माध्यम से दुर्गम एवं अनुपयोगी भूमि पर भी, पौधों का प्राकृतिक विकास संभव हो सकेगा, जिससे आने वाले वर्षों में जिले के वन क्षेत्र, और हरियाली में वृद्धि होगी, साथ ही उन्होंने अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में बीज बॉल तैयार कर, उनका रोपण करने तथा जशपुर को हरा-भरा बनाने में सहयोग करने की अपील की।
"हरित जशपुर बीजारोपण अभियान के तहत 2 लाख बीज बॉल रोपण का लक्ष्य, विद्यार्थियों, महिला समूहों एवं वन विभाग की सहभागिता से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम है।"